
जमशेदपुर: स्वर्णरेखा तट स्थित आनंदेश्वर शिव मंदिर परिसर में रविवार को धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आचार्य एवं पुरोहित शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महासंघ की ओर से ऐसे लोगों के लिए नि:शुल्क सामूहिक तर्पण कराया जाएगा, जिनके परिवार में तर्पण करने वाला कोई सदस्य नहीं है या जो आर्थिक कारणों से अपने पूर्वजों का तर्पण नहीं कर पाते हैं।
महासंघ के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को स्वर्णरेखा नदी के मानगो घाट पर सामूहिक तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें वैसे लोग भी अपने पूर्वजों का तर्पण कर सकेंगे, जो आर्थिक परेशानी के कारण यह धार्मिक अनुष्ठान नहीं कर पाते हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :एग्रिको में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू, 15 लाख की लागत से बनेगा भव्य पंडाल
महासंघ के आचार्य कराएंगे नि:शुल्क तर्पण
बैठक में बताया गया कि सामूहिक तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ के आचार्य स्वयं विधि-विधान के साथ तर्पण कराएंगे।
तर्पण के लिए आवश्यक धूप, अगरबत्ती, माचिस, काला तिल, अरवा चावल सहित अन्य सामग्री की व्यवस्था भी महासंघ की ओर से की जाएगी।
महासंघ ने बताया कि ऐसे परिवार, जिनके सभी सदस्य एक साथ दिवंगत हो गए हैं या जिनके पूर्वजों का तर्पण करने वाला कोई नहीं है, उनके लिए भी सामूहिक रूप से तर्पण किया जाएगा।
जरूरतमंदों और वृद्धाश्रम के लोगों के लिए भोजन की भी पहल
बैठक में अनजान एवं जरूरतमंद दिवंगत लोगों की स्मृति में सामाजिक सेवा से जुड़ी पहल करने का भी निर्णय लिया गया। महासंघ की ओर से वृद्धाश्रम में रहने वाले लोगों के लिए भोजन कराने की योजना भी बनाई गई है।
पुरोहित महासंघ के आचार्यों ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी इस पहल का उद्देश्य है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मरीन ड्राइव सड़क हादसे में मृत चार युवाओं को धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ ने दी श्रद्धांजलि
बैठक में कई आचार्य रहे मौजूद
बैठक में पंडित मुन्ना पांडे, पंडित सत्येंद्र पांडे, पंडित गंगा ओझा, पंडित चंद्र मोरेश्वर झा, पंडित उमेश तिवारी, पंडित सुधीर कुमार झा, पंडित रमेश पांडे, पंडित प्रेमचंद, पंडित कुमुद रंजन, पंडित अशोक पांडे, पंडित अमित शर्मा, पंडित बापी मुखर्जी, पंडित शंकर मिश्रा, पंडित सत्य प्रकाश तिवारी, पंडित रामदेव मिश्रा, पंडित आलोक बनर्जी, पंडित राजकुमार मिश्रा और पंडित परशुराम पांडे सहित अन्य आचार्य मौजूद रहे।
महासंघ ने इच्छुक लोगों से 3 अक्टूबर को मानगो घाट पहुंचकर नि:शुल्क सामूहिक तर्पण में शामिल होने की अपील की है।


