
जमशेदपुर: मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवाओं की स्मृति में शुक्रवार को धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ की ओर से साकची स्थित आनंदेश्वर शिव मंदिर परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। सभा में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आचार्य और पुरोहित शामिल हुए।



24 सितंबर की देर रात मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे में तृषा सिंह, वंशिका खंडेलवाल, सार्थक और नमन की मौत हो गई थी। चारों युवाओं की मौत से शहर में शोक का माहौल है।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
शोक सभा में उपस्थित आचार्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की गई।
महासंघ के सदस्यों ने कहा कि हादसे में चार युवाओं को खोना परिवारों के साथ-साथ पूरे शहर के लिए दुखद घटना है। इस मौके पर सभी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
युवाओं से परिवार की बात मानने की अपील
धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ के अध्यक्ष पंडित विपिन कुमार झा ने कहा कि युवा समाज, राज्य और राष्ट्र के भविष्य हैं। समाज और राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस घटना से सीख लें और अपने परिवार की बातों को ध्यान में रखते हुए अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से सावधानी बरतने और अपने जीवन को सुरक्षित रखने का भी संदेश दिया।
ये आचार्य रहे मौजूद
शोक सभा में पंडित मुन्ना पांडे, पंडित गोपाल कुमार झा, पंडित गोविंद कुमार झा, पंडित रुपेश कुमार झा, पंडित आनंद सर मिश्र, पंडित सतीश पांडे, पंडित शंकर मिश्र, पंडित चंद्रकांत झा, पंडित भोला पांडे, पंडित रजनीश तिवारी, पंडित अमित शर्मा समेत अन्य आचार्य उपस्थित रहे।




