
जमशेदपुर, 21 सितंबर। समाहरणालय परिसर से सोमवार को पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने रथ को रवाना करते हुए जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण की रोकथाम के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
यह अभियान मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का हिस्सा है। इस वर्ष पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसकी थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है।
पांच प्रमुख विषयों पर जागरूकता अभियान
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया। इनमें आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पका हुआ भोजन (HCM), सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बच्चों के विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पोषण केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से जुड़ी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
READ MORE :Jamshedpur News :वारियर्स ऑफ कोल्हान ने औद्योगिक क्षेत्र के कर्मवीरों को समर्पित एक शाम बाबा विश्वकर्मा के अनुयायियों के नाम संगीत संध्या ‘स्पार्क’ का आयोजन कर लोगों को झुमाया
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलेगा जागरूकता रथ
पोषण जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों के समुचित विकास, मातृ स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ सामुदायिक सहभागिता और विभागीय समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य जिले में स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।


