
जमशेदपुर: नालसा (NALSA) और झालसा (JHALSA) के निर्देशानुसार, जमशेदपुर में 90 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में गुरुवार को लुआबासा पंचायत भवन में एक वृहद कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके अधिकारों और देश के कड़े कानूनों के प्रति जागरूक करना था।

READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: इग्नू में 36 विषयों के लिए Ph.D. एडमिशन शुरू, देश का पहला M.Sc. (क्लाइमेट चेंज) कोर्स भी लॉन्च
डालसा सचिव ने दी गंभीर कानूनों की जानकारी
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों और उनके खिलाफ बने कानूनों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम, पोक्सो (POCSO) एक्ट, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी (Human Trafficking) जैसे संवेदनशील विषयों पर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शोषण का शिकार हो जाते हैं, इसलिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है।
लीगल एड डिफेंस कौंसिल ने बताए डालसा के उद्देश्य
इस मौके पर लीगल एड डिफेंस कौंसिल के प्रमुख विदेश सिन्हा और लीगल कौंसिल के सदस्य मनोज कुमार सिंह ने ग्रामीणों को डालसा के कार्यों और इसके मुख्य उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना डालसा का प्राथमिक लक्ष्य है। इसके अलावा, कौंसिल के सदस्यों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी, ताकि पात्र ग्रामीण इसका सीधा लाभ उठा सकें।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मानगो नगर निगम ने विधिवत आवेदन ही नहीं किया, तो वन विभाग जमीन हस्तांतरित करे तो भला कैसे?
शिविर में भारी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
लुआबासा पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में डालसा के पीएलवी (PLV) दिलीप जायशवाल, मनोज महतो, सुनीता कुमारी, रीना तिवारी, सुशांत महतो सहित स्थानीय पंचायत के मुखिया और बहुत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे। ग्रामीणों ने डालसा की इस पहल की सराहना की और अपनी कानूनी समस्याओं व शंकाओं का समाधान भी विशेषज्ञों से प्राप्त किया।


