जमशेदपुर: पुरानी और अनुपयोगी लिथियम-आयन बैटरियों से मूल्यवान धातुओं को निकालने की दिशा में सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रयोगशाला ने बैटरी पुनर्चक्रण के लिए विकसित अपनी स्वदेशी तकनीक का हस्तांतरण नई दिल्ली की आर2ई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को किया है। यह तकनीक हस्तांतरण 18 से 20 नवंबर 2026 के दौरान संपन्न हुआ।
इस तकनीक के औद्योगिक उपयोग से पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और मैंगनीज जैसी महत्वपूर्ण धातुओं की पुनर्प्राप्ति की जा सकेगी। इससे बैटरी कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन करने के साथ-साथ महत्वपूर्ण खनिजों के लिए आयात और प्राथमिक प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: चर्च स्कूल बेल्डीह में विज्ञान और कला प्रदर्शनी, छात्रों ने मॉडल और कलाकृतियों से दिखाई प्रतिभा
बैटरी कचरे से निकाली जाएंगी चार महत्वपूर्ण धातुएं
सीएसआईआर-एनएमएल द्वारा विकसित तकनीक का उपयोग आर2ई टेक्नोलॉजीज की प्रस्तावित पुनर्चक्रण इकाई में किया जाएगा। इसके माध्यम से पुरानी बैटरियों से प्राप्त ब्लैक मास को प्रोसेस कर लिथियम (Li), कोबाल्ट (Co), निकेल (Ni) और मैंगनीज (Mn) को उच्च शुद्धता वाली धातुओं एवं उनके लवणों के रूप में प्राप्त किया जा सकेगा।
इसके अलावा ग्रेफाइट और अन्य उपयोगी पुनर्चक्रण योग्य पदार्थों की भी पुनर्प्राप्ति की जा सकेगी। इससे बेकार बैटरियों को उपयोगी औद्योगिक संसाधनों में बदलने का रास्ता खुलेगा।
क्लोज्ड-लूप हाइड्रोमेटलर्जिकल प्रक्रिया पर आधारित तकनीक
हस्तांतरित तकनीक सीएसआईआर-एनएमएल की ओर से विकसित एकीकृत क्लोज्ड-लूप हाइड्रोमेटलर्जिकल प्रक्रिया पर आधारित है। इसमें यांत्रिक पूर्व-उपचार, लीचिंग, विलयन शुद्धिकरण, अवक्षेपण, सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन, वाष्पीकरण और इलेक्ट्रोविनिंग जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं।
इन प्रक्रियाओं के जरिए बैटरी के ब्लैक मास से अलग-अलग मूल्यवान धातुओं को चुनिंदा तरीके से निकालकर उपयोगी उत्पादों में बदला जा सकता है। आर2ई टेक्नोलॉजीज इस तकनीक को सीएसआईआर-एनएमएल से प्राप्त तकनीकी जानकारी और निर्धारित शर्तों के अनुसार औद्योगिक स्तर पर लागू करने तथा इसका व्यावसायीकरण करने की दिशा में काम करेगी।
READ MORE :WEATHER ALERT :चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पर राष्ट्रीय बुलेटिन 37 जारी, 20 नवंबर पूर्वाह्न तट पार करने के आसार
वैज्ञानिकों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस तकनीक के विकास और हस्तांतरण में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, एमआरआर प्रमुख एवं परियोजना प्रमुख डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, शोधकर्ता डॉ. रेखा पांडा और डॉ. रुखसाना परवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा आरपीबीडी विभाग की ओर से डॉ. एसके पाल, डॉ. बीना कुमारी और डॉ. अंजनी कुमार साहू ने भी इस पहल में योगदान दिया। टीम ने तकनीकी दस्तावेज तैयार करने, समन्वय और हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आत्मनिर्भर भारत और चक्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
आर2ई टेक्नोलॉजीज के प्रतिनिधियों ने इस सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लिथियम-आयन बैटरियों की बढ़ती मांग के बीच पुनर्चक्रण तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। पुरानी बैटरियों से महत्वपूर्ण धातुओं की पुनर्प्राप्ति से खनिजों की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को कम करने में मदद मिलेगी।
सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने स्वदेशी तकनीक के सफल हस्तांतरण पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योगों को नवीन स्वदेशी तकनीक उपलब्ध कराने और उनके व्यावसायीकरण में सीएसआईआर-एनएमएल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सतत औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग को और मजबूत करना आवश्यक है।
यह पहल बैटरी अपशिष्ट के पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और भारत में मजबूत बैटरी पुनर्चक्रण उद्योग विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



