
जमशेदपुर।
जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के सभागार में आयोजित 15 दिवसीय ‘स्वच्छता पखवाड़ा–2026’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। इस गरिमामयी समापन समारोह में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL) के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने की। इस मौके पर आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य डॉ. एस. के. साहू, डॉ. गोपी किशोर मंडल और जय शंकर शरण भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. संदीप घोष चौधरी ने अपने स्वागत भाषण में पखवाड़े के दौरान चलाए गए अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान न केवल साफ-सफाई की गई, बल्कि बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए।
समन्वित प्रयासों से ही संभव है अपशिष्ट प्रबंधन: अतुल भटनागर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अतुल कुमार भटनागर ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण आज एक बड़ी और जटिल सामाजिक-तकनीकी चुनौती बन चुके हैं। इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए समाज के सभी वर्गों के बीच तालमेल जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अकादमिक संस्थानों, अनुसंधान व विकास संगठनों, उद्योगों, सरकारी एजेंसियों, नगर निकायों और आम नागरिकों के साझा प्रयासों से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने एनएमएल के वैज्ञानिकों से विशेष आग्रह किया कि वे अपशिष्ट प्रबंधन (Waste Management) और सतत प्रौद्योगिकी (Sustainable Technology) को लेकर नए व आधुनिक अनुसंधान प्रस्तुत करें, ताकि वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों को खत्म किया जा सके।
15 दिनों तक चलीं कई खास गतिविधियां
स्वच्छता पखवाड़ा के अध्यक्ष डॉ. गोपी किशोर मंडल ने 1 मई से 15 मई 2026 तक आयोजित गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की। इस दौरान आवासीय परिसरों और विभागों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। इसके अलावा ‘स्वच्छ भारत मिशन की दिशा में तकनीकी हस्तक्षेप’ विषय पर एक खास कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें स्वच्छता में विज्ञान के योगदान पर चर्चा की गई। स्कूली बच्चों के लिए भित्ति चित्रकला प्रतियोगिता, कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन व एलिवेटर पिच और उनके बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन हुआ।
विजेताओं को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पखवाड़े के संयोजक बिस्वजीत भौमिक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस समारोह में एनएमएल के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों के साथ-साथ शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। अंत में प्रशासन नियंत्रक (CoA) जय शंकर शरण के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।



