जमशेदपुर।
झारखंड में पेसा (PESA) कानून के लागू किए जाने को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से खुशी का इजहार किया गया। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच लड्डू वितरण कर जश्न मनाया गया। इसके साथ ही साकची गोलचक्कर पर आम जनता के बीच भी लड्डू बांटकर कांग्रेसजनों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया।
ग्राम सभा को मिले मजबूत अधिकार
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि पेसा कानून लागू होना आदिवासी और अनुसूचित क्षेत्रों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री श्रीमती दीपीका पाण्डेय सिंह के नेतृत्व में गठित समिति ने पेसा कानून का मसौदा तैयार किया, जिसे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कैबिनेट में स्वीकृति देकर लागू किया। इससे ग्राम सभाओं को संवैधानिक रूप से मजबूत अधिकार प्राप्त हुए हैं।
खनन और भूमि अधिग्रहण में ग्राम सभा की सहमति अनिवार्य
परविंदर सिंह ने कहा कि अब अनुसूचित जिलों में खनन कार्य, भूमि अधिग्रहण और विकास योजनाओं के लिए ग्राम सभा की सहमति अनिवार्य होगी। ग्राम सभाओं को लघु वनोपज के उपयोग, जल संसाधन प्रबंधन, स्थानीय विकास योजनाओं के निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं, जिससे जल, जंगल और जमीन की रक्षा सुनिश्चित होगी।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया होगी और मजबूत
उन्होंने आगे कहा कि पेसा कानून से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में निर्णय प्रक्रिया अधिक लोकतांत्रिक बनेगी। स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और विकास योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से हो सकेगा। हालांकि, त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों पर पेसा नियमों का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, रजनीश सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, फिरोज खान, मुन्ना सिंह (सेवादल), अमित श्रीवास्तव, विजय यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा, सुरेंद्र शर्मा, मनदीप सिंह, कौशल प्रधान, अमरजीत नाथ मिश्र, राजा सिंह राजपूत, सुल्तान अहमद, हरिहर प्रसाद, विनोद यादव, राकेश साहू, शमशेर आलम, राजेश कुमार, अखिलेश यादव, देवाशीष घोष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने इसे झारखंड के आदिवासी समाज के अधिकारों की जीत बताते हुए कहा कि पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।




