
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंचायती राज विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क, पंचायत स्तरीय सेवाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए एक बेहतर कार्य योजना बनाई जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इस बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी उपस्थित रहीं।

पंचायत भवनों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की बनेगी कार्य योजना
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह और महिला हिंसा की रोकथाम की जाए। इसके साथ ही आम जनता को जागरूक करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार किया जाए। हेमंत सोरेन ने विशेषज्ञों की मदद से पंचायत भवनों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए कार्य योजना तैयार करने और लोगों को सूखा व गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्लास्टिक को भी सेग्रीगेट (पृथक्करण) करने पर विशेष बल दिया।
पंचायत सचिवालयों में डिजिटल सेवाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिवालय प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा पंचायत भवनों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को पंचायत सचिवालय से मिलने वाली सभी सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके अलावा, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण सड़कों के निर्माण और गुणवत्ता में लाएं तेजी
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से ही विकास को गति मिलेगी और गांवों की आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड मंत्रालय से ऑनलाइन माध्यम द्वारा बरहेट के पंचायत सचिवालय में चल रहे कार्यों की जानकारी ली और वहां उपस्थित महिला लाभुक से बात कर उनका हौसला बढ़ाया।
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



