
जमशेदपुर: मानगो के डिमना रोड स्थित श्री राजस्थान भवन में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की मानगो शाखा की ओर से श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 श्रद्धा, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में ‘महाराजा अग्रसेन की जय’ और ‘माता माधवी की जय’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने सपरिवार भाग लेकर सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS: जालियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद नहीं होगी, आंदोलन की जरूरत नहीं पड़ेगी: DRM तरुण हुरिया
दीप प्रज्वलन और सामूहिक आरती से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत शाम 6:45 बजे मुख्य अतिथियों और शाखा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन एवं माता माधवी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद माल्यार्पण और सामूहिक आरती हुई। कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के बीच कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
‘फिल्मी चक्कर’ प्रतियोगिता बना मुख्य आकर्षण
समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम अग्रवाल के संचालन में आयोजित ‘फिल्मी चक्कर’ प्रतियोगिता रही। उनके चुटीले अंदाज और कुशल मंच संचालन ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। सभी आयु वर्ग के लोगों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही जवाब देने वाले दर्जनों प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए गए।
वहीं, ‘नंबर कटेगा शोर मचेगा’ प्रतियोगिता के विजेता गगन रुस्तगी रहे।
वरिष्ठजनों का सम्मान, नई पीढ़ी को मिला संदेश
इस अवसर पर समाज के वयोवृद्ध और मार्गदर्शक वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठजनों ने युवा पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट, एक रुपया’ सिद्धांत का उल्लेख करते हुए आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और सामूहिक विकास की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जी टाउन क्लब कर्मचारियों को 16% बोनस, न्यूनतम ₹31,108 और अधिकतम ₹40,503
सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
जमशेदपुर के विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सपरिवार समारोह में भाग लेकर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान और सामूहिक मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
महोत्सव की सफलता में मानगो शाखा के अध्यक्ष ललित डांगा, महासचिव नरेश चौधरी और कार्यक्रम संयोजक मनोज केजरीवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


