जमशेदपुर.
महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत परसुडीह के लोकनाथ भवन में दो दिवसीय “चैत्र सेल” का भव्य आयोजन किया गया. बंग बंधु की अध्यक्ष अर्पणा गुहा के नेतृत्व में आयोजित यह सेल 8 और 9 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा उपस्थित रहे. उनके साथ वरीय पत्रकार अन्नी अमृता, कांग्रेस के जिला महासचिव अजय मंडल, लायंस क्लब की चेयरपर्सन लायन सारिका सिंह एवं संभव संस्था की अध्यक्ष रिपा दत्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. आयोजन समिति ने सभी अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
चैत्र सेल की खासियत
इस “चैत्र सेल” की खासियत यह है कि यहां सभी स्टॉल महिलाएं ही संचालित कर रही हैं. इन स्टॉलों पर साड़ी, कुर्ती, बैग, चूड़ी, ज्वेलरी, फूड आइटम्स, आर्ट एंड क्राफ्ट, मेंस वियर, आयुर्वेदिक उत्पाद, होममेड साबुन और होम डेकोर जैसी विविध वस्तुएं उपलब्ध हैं. खास आकर्षण यह है कि सभी उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है.
READ MORE ;Indian Railways News :चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, रेलवे स्टाफ बना ‘फरिश्ता’
आयोजन का मुख्य उद्देश्य
————————-
आयोजक अपर्णा गुहा ने बताया कि इस चैत्र मेले का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें. इस तरह के प्रयास न केवल स्थानीय महिलाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करते हैं.
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है.
आयोजकों की अपील
——————
यह दो दिवसीय “चैत्र सेल” प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा. आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिलाओं के उत्पादों को समर्थन दें और इस पहल को सफल बनाएं. मेला देखने आए ग्राहकों ने कहा कि यह आयोजन न केवल खरीदारी का बेहतरीन अवसर है, बल्कि महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है.





