
जमशेदपुर।
सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल के पास ट्रक चालक के साथ हुई छिनतई की वारदात का खुलासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर लिया है। बाइक नंबर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इस मामले में शामिल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया गया है।

घटना बुधवार देर रात की है, जब ट्रक चालक नवीन कुमार, जो बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं, जमशेदपुर आए थे। डोबो पुल के पास उन्होंने ट्रक खड़ा किया और पेशाब करने के लिए नीचे उतरे। इसके बाद जैसे ही वह ट्रक की केबिन में चढ़े, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश पहुंचे। उनमें से एक बदमाश ट्रक की केबिन में चढ़ गया और चालक के गले से सोने का ताबीज (लॉकेट) चेन समेत छीनकर फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से चालक घबरा गया और तुरंत सोनारी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी।
READ MORE :Jamshedpur News :बहरागोड़ा में सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवार से मिले कुणाल षाड़ंगी
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में बदमाशों की बाइक का नंबर साफ नजर आ गया। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान की और छापेमारी शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने दोनों अपराधियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विक्की सिंह, निवासी गोलमुरी सर्कस मैदान और हरदीप सिंह, निवासी बजरंग नगर, गोलमुरी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध कबूल किया और पुलिस को बताया कि उन्होंने सोने का लॉकेट साकची क्षेत्र में छुपाकर रखा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लॉकेट बरामद कर लिया, जिसका वजन करीब तीन ग्राम बताया जा रहा है।
डीएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। उनका आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। उन्होंने कहा कि बाइक नंबर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से त्वरित कार्रवाई कर इस मामले का पर्दाफाश किया गया है।
इस घटना के बाद शहरवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते नकेल कसी जा सके।


