
जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्व उपाध्यक्ष (वित्त एवं कराधान) स्वर्गीय दिनेश चौधरी की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में बुधवार, 13 अगस्त 2025 को चैम्बर भवन में चौथे रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पूर्वाह्न 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।


रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक पीयूष पांडे (भा.पु.से.) और जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल संयुक्त रूप से करेंगे। इस अवसर पर स्व. दिनेश चौधरी के परिजन भी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी चैम्बर के मानद महासचिव मानव केडिया ने दी।
READ MORE :Jamshedpur News :कांग्रेस का भाजपा विरोधी प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश
चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि स्व. दिनेश चौधरी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए हर वर्ष चैम्बर द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह आयोजन चौथी बार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2020 में कोरोना काल के दौरान चैम्बर पदाधिकारी रहते हुए उनका निधन हुआ था। वे अपने कार्यकाल में व्यवसाय और उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय रहे थे।
अध्यक्ष मूनका ने सभी सदस्यों और शहरवासियों से इस शिविर में शामिल होकर स्व. दिनेश चौधरी को श्रद्धांजलि देने और इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव जीवन के लिए सबसे बड़ा उपहार है। 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोग रक्तदान कर सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य को कोई हानि नहीं होती बल्कि यह शरीर के लिए लाभकारी है।
चैम्बर के अन्य पदाधिकारियों—उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु और कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया—ने भी सभी व्यापारियों, बैंकर्स और संस्थानों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और कर्मचारियों के साथ आकर रक्तदान करें।
आयोजन को सफल बनाने के लिए चैम्बर ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों से संपर्क साधा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस नेक कार्य से जुड़ें। आयोजकों का मानना है कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह समाज में मानवीय मूल्यों और सेवा भावना को भी मजबूत करता है।
चैम्बर भवन में आयोजित यह शिविर शहर के स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी पहले की तरह भारी संख्या में लोग शिविर में आकर रक्तदान करेंगे और स्व. दिनेश चौधरी के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने में सहयोग देंगे।


