
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी व अन्य पदाधिकारियों ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त राजीव रंजन से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

पीएम आवास के लिए बालू की किल्लत और बढ़ती कीमतें
भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के समक्ष जिले में गरीबों के लिए संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) एवं अबुआ आवास योजना के लाभुकों की समस्याओं को रखा। उन्होंने मांग की कि आवास निर्माण कार्य के लिए सुलभ और उचित दरों पर बालू उपलब्ध कराई जाए। नेताओं ने कहा कि बालू की भारी कमी और लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आवास निर्माण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके कारण केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम आवास योजना की गति भी धीमी पड़ रही है। यही नहीं, निजी मकान निर्माण करने वाले आम लोगों को भी अत्यधिक महंगे दामों पर बालू खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
READ MORE..Aaj Ka Rashifal:05 जून 2026 शुक्रवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
स्वर्णरेखा नदी से अवैध बालू उत्खनन और तस्करी पर रोक की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जिले में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध बालू उत्खनन, भंडारण, परिवहन और बालू तस्करी पर प्रभावी रूप से रोक लगाने की मांग की। भाजपा नेताओं का आरोप था कि पूर्वी सिंहभूम की विभिन्न नदियों, विशेषकर स्वर्णरेखा नदी से बेखौफ होकर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। प्रतिदिन भारी वाहनों के माध्यम से बालू की तस्करी की जा रही है, जिससे राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
साढ़े छह वर्षों से सत्ता के संरक्षण में चल रहा है खनन माफिया
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले में पिछले साढ़े छह वर्षों से सत्ता के संरक्षण में अवैध बालू खनन का काला कारोबार खूब फल-फूल रहा है। खनन माफिया खुलेआम प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहे हैं, जबकि गरीबों और जरूरतमंदों को अपने सपनों का घर बनाने के लिए बालू तक नसीब नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे सिंडिकेट की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस पर आगाज़ संस्था की अनोखी पहल, छात्राओं के बीच बांटे गए सकोरा
मतदाता सूची में बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम दर्ज होने की आशंका
बैठक के दौरान डॉ. गोस्वामी ने जिला उपायुक्त के समक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिये मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संचालित किया जाए और नए आवेदनों की गहनता से स्क्रूटनी सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री राजीव सिंह, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, आईटी सेल के जिला संयोजक बिनोद कुमार सिंह एवं जिला सह संयोजक उज्ज्वल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।


