पतंजलि उत्पादों पर प्रतिबंध की खबरों को बताया अफवाह, योगी आदित्यनाथ पर बोले- उनका जलवा था, है और रहेगा
जमशेदपुर। योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि सनातन संस्कृति को बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ आंतरिक पाखंड, आडंबर और आधे-अधूरे ज्ञान से भी खतरा है। सनातन धर्म का कोई ठेकेदार नहीं हो सकता। न कोई कथाकार और न ही कोई व्यक्ति विशेष इस संस्कृति का मालिक है। रविवार को जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में आयोजित प्रांतीय महिला महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे स्वामी रामदेव ने पत्रकारों से बातचीत में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाकर टिप्पणी नहीं की है, लेकिन जिन्हें संदेश देना था, उन तक उनकी बात पहुंच गई है। रामदेव ने कहा कि कुछ लोग आधे-अधूरे ज्ञान और अनुभव के आधार पर सनातन संस्कृति को खंडित या विभाजित रूप में प्रस्तुत करते हैं। सनातन के नाम पर लगातार विवाद और तनाव फैलाना उचित नहीं है।
READ MORE :Jamshedpur News: एग्रिको में पतंजलि महिला महासम्मेलन, स्वामी रामदेव पहुंचे
जाति और देवी-देवताओं के नाम पर भेदभाव का विरोध
स्वामी रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म शाश्वत है। इसमें जाति, वर्ग, समुदाय, वर्ण या देवी-देवताओं के नाम पर भेदभाव, घृणा और नफरत के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों में होने वाले ढोंग, आडंबर और पाखंड पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, इस तरह का आचरण असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक और अवैदिक है।
बोले- देश लोकतंत्र और संविधान से चलेगा
सरकार से नाराजगी के सवाल पर रामदेव ने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश लोकतंत्र और संविधान के अनुसार चलेगा। हालांकि, शासन व्यवस्था और लोकतंत्र में आत्म-अनुशासन भी जरूरी है।
पतंजलि के उत्पादों पर प्रतिबंध की खबरों को बताया भ्रामक
पतंजलि की दवाओं और उत्पादों पर प्रतिबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि के किसी भी उत्पाद या दवा पर प्रतिबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डायबिटीज समेत अन्य उत्पादों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार भ्रामक और झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने ऐसी चर्चाओं को निराधार बताया।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS: नारायणी धाम मंदिर के वार्षिकोत्सव पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
योगी आदित्यनाथ पर बोले- जलवा था, है और रहेगा
उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वामी रामदेव ने कहा कि वहां का माहौल बहुत अच्छा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदर्भ में उन्होंने कहा, “योगी का जलवा था, है और रहेगा।”

