
जमशेदपुर: शहर के मैथिल समाज की प्रमुख और प्रतिष्ठित संस्था ‘मिथिला सांस्कृतिक परिषद’ के चुनाव परिणामों में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पुरानी कार्यकारिणी में व्यापक बदलाव करते हुए सदस्यों ने नए नेतृत्व पर भरोसा जताया है। चुनाव परिणामों के अनुसार, आकाश चंद्र मिश्र को परिषद का नया अध्यक्ष, शिव चंद्र झा को महासचिव और गोपाल चंद्र झा को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। इस चुनाव के साथ ही संस्था के निवर्तमान अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष तीनों ही पदों पर नए चेहरों की ताजपोशी हो गई है।


महज एक वोट से तय हुआ अध्यक्ष पद का ताज
रविवार को हुए भारी मतदान के बाद सोमवार की शाम 35 नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. अशोक झा ‘अविचल’, अमलेश झा और दीपक झा के नेतृत्व और देखरेख में संपन्न हुई। पदाधिकारियों के चयन के लिए पारदर्शी तरीके से गुप्त मतदान कराया गया।
अध्यक्ष पद के लिए नए उम्मीदवार आकाश चंद्र मिश्र और निवर्तमान अध्यक्ष मोहन ठाकुर के बीच बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली। 35 कार्यकारिणी सदस्यों में से आकाश चंद्र झा के पक्ष में 18 वोट पड़े, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष मोहन ठाकुर को 17 वोट मिले। इस तरह महज एक वोट के रोमांचक अंतर से आकाश चंद्र मिश्र ने अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
शिव चंद्र झा ने 19 वोट पाकर जीता महासचिव का चुनाव
महासचिव पद के लिए भी चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस पद पर शिव चंद्र झा और निवर्तमान महासचिव धर्मेश कुमार झा ‘लड्डू’ आमने-सामने थे। गुप्त मतदान प्रक्रिया के दौरान शिव चंद्र झा के पक्ष में 19 कार्यकारिणी सदस्यों ने मतदान किया, जबकि धर्मेश कुमार झा को 16 वोटों से संतोष करना पड़ा। स्पष्ट बहुमत के साथ शिव चंद्र झा को नया महासचिव चुन लिया गया। इसके साथ ही संस्था के वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी गोपाल चंद्र झा को सौंपते हुए उन्हें नया कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मिथिला सांस्कृतिक परिषद चुनाव 2 अगस्त को, 18 जुलाई से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया
देर रात ढ़ाई बजे आए थे कार्यकारिणी के परिणाम
ज्ञात हो कि मिथिला सांस्कृतिक परिषद के कुल 35 कार्यकारिणी सदस्यों के पदों में से 11 सदस्य पूर्व में ही निर्विरोध चुन लिए गए थे। शेष बचे 24 पदों के लिए रविवार को मतदान प्रक्रिया पूरी की गई थी। मतों की गिनती के बाद देर रात करीब ढाई बजे इन 24 सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए गए थे।
सोमवार को शीर्ष पदाधिकारियों के निर्वाचन के साथ ही परिषद की चुनावी प्रक्रिया पूरी हो गई। नवनिर्वाचित टीम को समाज के गणमान्य लोगों, बुद्धिजीवियों और सदस्यों द्वारा लगातार बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं। समाज को उम्मीद है कि यह नया नेतृत्व परिषद की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।


