
जमशेदपुर.
मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह चौक पर एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने शातिर अंदाज में एक गल्ला दुकान की एसबेस्टस की छत को काटकर अंदर प्रवेश किया और भारी नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
एसबेस्टस काटकर दुकान में घुसे चोर, ₹85 हजार उड़ाए
मिली जानकारी के अनुसार, पारडीह चौक पर महेश सिंह की ‘मामा स्टोर’ नाम से गल्ला (किराना) की प्रसिद्ध दुकान है। रोज की तरह महेश सिंह देर रात करीब 11:00 बजे अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। दुकान में प्रतिदिन की बिक्री अच्छी होने के कारण सुबह सवेरे दूध, दही और अन्य कच्ची सामग्रियों के भुगतान के लिए वे नकदी दुकान में ही एक बैग में रखकर चले जाते थे।
जब सुबह करीब 6:00 बजे उन्होंने दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। ऊपर देखने पर पता चला कि चोरों ने एसबेस्टस की छत को काट दिया था। चोर दुकान के गल्ले और बैग में रखे लगभग 85 हजार रुपये नगद और करीब 10 हजार रुपये मूल्य की कीमती सामग्री लेकर फरार हो चुके थे।
मानगो बना नशा और डेली लॉटरी की होलसेल मंडी: विकास सिंह
घटना की पीड़ित व्यवसायी महेश सिंह ने इसकी सूचना तुरंत विकास सिंह को दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह मामा स्टोर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने तत्काल मानगो थाना पुलिस को सूचित कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर मीडिया से बात करते हुए विकास सिंह ने स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरा मानगो क्षेत्र नशीले पदार्थों और डेली लॉटरी की अवैध होलसेल मंडी में तब्दील हो चुका है। मानगो की कोई ऐसी गली या मोहल्ला नहीं बचा है, जहां धड़ल्ले से नशा का अवैध कारोबार न चल रहा हो।
मिलीभगत का आरोप, जल्द होगा उग्र आंदोलन
विकास सिंह ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय लोग इस अवैध कारोबार का विरोध करते हैं, तो उन्हें नशा माफियाओं के गुस्से व दबंगई का शिकार होना पड़ता है। जब इसकी शिकायत थाने में की जाती है, तो कथित मिलीभगत के कारण लोगों को निराशा ही हाथ लगती है। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चोरी, नशाखोरी और डेली लॉटरी पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो वे जनता को जागरूक और भयमुक्त करने के लिए एक विशाल पैदल मार्च निकालेंगे और जिला प्रशासन को आईना दिखाने का काम करेंगे।


