
झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों सात दिवसीय अध्ययन दौरे पर महाराष्ट्र प्रवास पर है। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के नेतृत्व में समिति के शिष्टमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और विधायक शशिभूषण मेहता शामिल हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं, नीतियों और कार्यप्रणालियों का गहन अध्ययन करना है, ताकि उन्हें झारखंड में भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात और विशेष चर्चा
अध्ययन दौरे के दौरान समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र विधानसभा का भ्रमण किया। इस क्रम में शिष्टमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात की। नार्वेकर की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में महाराष्ट्र महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, बच्चों का सर्वांगीण विकास, बजट प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यों के बीच अनुभवों के इस आदान-प्रदान से झारखंड की समिति को नई कार्यपद्धतियों को समझने का बेहतर अवसर मिला।
जमशेदपुर में खुलेगी लिज्जत पापड़ की शाखा! पूर्णिमा साहू ने दिया आमंत्रण
प्रवास के दौरान शिष्टमंडल ने मुंबई के बांद्रा स्थित ‘श्री महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़’ के निर्माण केंद्र का दौरा किया। यहाँ महिलाओं द्वारा पूरी तरह संचालित आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन के इस वैश्विक मॉडल को नजदीक से समझा गया। इस दौरान जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने संस्था के संचालकों को लौहनगरी जमशेदपुर में भी लिज्जत पापड़ की नई शाखा प्रारंभ करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इससे जमशेदपुर और आसपास की महिलाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। इसके अलावा समिति ने मुंबई के लोकभवन का भी भ्रमण किया और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वर्किंग वीमेन हॉस्टल, स्नेहा फाउंडेशन और मुंबई डब्बावाला के मॉडल का अध्ययन
महिला सुरक्षा और सुविधाओं को परखने के लिए समिति ने मुंबई में कामकाजी महिलाओं के लिए संचालित हॉस्टल का निरीक्षण किया। यहाँ सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय प्रबंधन और मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। इसके साथ ही, पूर्णिमा साहू ने कुपोषण और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में काम कर रही प्रसिद्ध संस्था ‘स्नेहा फाउंडेशन’ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने मुंबई की लाइफलाइन कहे जाने वाले और पिछले 135 वर्षों से सटीक प्रबंधन के साथ संचालित ‘डब्बावाला टिफिन डिलीवरी सिस्टम’ की अद्भुत कार्यप्रणाली का भी बारीकी से अध्ययन किया। दौरे की शुरुआत सिद्धिविनायक मंदिर और महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन के साथ हुई थी।
टाटा प्रबंधन के साथ होगी आगामी बैठक: पूर्णिमा साहू
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: पोटका के टाँगरसाई में भव्य छऊ नृत्य महोत्सव, विधायक संजीव सरदार ने किया उद्घाटन
दौरे के अनुभवों को साझा करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि महाराष्ट्र का यह अध्ययन दौरा बेहद सार्थक और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी दिनों में महिला एवं बाल विकास से जुड़े मुद्दों और योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जमशेदपुर में टाटा प्रबंधन (Tata Management) के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि कॉरपोरेट सहयोग से महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए ठोस और बेहतर पहल सुनिश्चित की जा सके।


