
जमशेदपुर । बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित डीडी बार के बाहर हुए बहुचर्चित विवाद और करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने अब फरार मुख्य आरोपियों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस खौफनाक वारदात के नामजद और फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए दो लाख रुपये (₹2,00,000) के भारी इनाम की घोषणा की गई है।

गम्हरिया के धातकीडीह का रहने वाला है मुख्य आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड और जारी अधिसूचना के मुताबिक, फरार चल रहे नामजद अभियुक्त का पूरा नाम विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा है। उसके पिता का नाम रविन्द्र नाथ मंडल है। वह वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत धातकीडीह (पोस्ट- डुडरा) का निवासी है। बिष्टुपुर थाना में दर्ज काण्ड संख्या 84/2026 (दिनांक 28.06.2026) के तहत आरोपी पर नवगठित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूचना देने वाले का नाम और पहचान रहेगी पूरी तरह गुप्त
जिला पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस शातिर अपराधी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या सुराग मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सही सूचना देकर गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को ₹2 लाख की पुरस्कार राशि नकद दी जाएगी और उसका नाम व पता पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा, ताकि उसकी सुरक्षा को कोई खतरा न हो।
इन सरकारी नंबरों पर दे सकते हैं आरोपी की जानकारी
आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की लोकेशन या उससे जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर आम नागरिक सीधे इन पुलिस अधिकारियों के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
पुलिस अधीक्षक नगर (सिटी एसपी), जमशेदपुर: 9471190203
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), सीसीआर, जमशेदपुर: 9431706486
पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, बिष्टुपुर: 9431706497
कंट्रोल रूम, जमशेदपुर: 0657-2431030 / 0657-2431028
पुलिस वैन से खींचकर की गई थी चापड़ से हत्या
आपको बता दें कि शनिवार रात बिष्टुपुर के डीडी बार के अंदर हुए एक विवाद के बाद, कुछ बदमाशों ने हिमांशु और उनके दोस्त प्रत्युष सिंह को पुलिस की गश्ती गाड़ी (पेट्रोलिंग वैन) से बाहर खींच लिया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही उन पर चापड़ (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला किया गया था। दोनों को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था। वहां से प्रत्युष को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया था, जबकि हिमांशु की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
शहर में हालिया तनाव और धारा 163 लागू होने के बीच, नए पुलिस कप्तान और नगर पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में पुलिस की टीमें फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।


