
जमशेदपुर।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोल्हान प्रमंडल में लगातार गिरती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध पर लगाम कसने में विफल रहने के कारण एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कड़ा कदम उठाते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता बनी मुख्य वजह
जानकारी के अनुसार, इन दोनों शीर्ष पुलिस अधिकारियों को आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में हटाया गया है। पद से हटाए जाने के बाद दोनों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि पद से हटाए गए दोनों ही आईपीएस अधिकारी (पीयूष पांडेय और निधि द्विवेदी) रिश्ते में पति-पत्नी हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार की रात सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर खुद इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की।
पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय मैंने लिया है।…
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 30, 2026
हिमांशु सिंह हत्याकांड और आदिवासी युवती से मारपीट का मामला
सूत्रों की मानें तो इस गाज के गिरने के पीछे हालिया दिनों में घटी दो बड़ी आपराधिक घटनाएं हैं, जिन्होंने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया था। जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय पर कार्रवाई का मुख्य कारण शहर में हुई चापड़बाजी की वह खौफनाक घटना है, जिसमें करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे थे। वहीं दूसरी तरफ, सरायकेला-खरसावां में एक आदिवासी युवती के साथ हुई गंभीर मारपीट की घटना के बाद वहां की तत्कालीन एसपी निधि द्विवेदी पुलिसिंग और सुरक्षा को लेकर सवालों के घेरे में आ गई थीं।
कोल्हान में बड़े अधिकारियों का डेरा, रोजाना होगी समीक्षा
इस कार्रवाई के बाद सरकार क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मुख्यमंत्री ने कोल्हान के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम और रांची के एडीजी मनोज कौशिक को क्षेत्र में लगातार कैंप करने का सख्त निर्देश दिया है। ये अधिकारी प्रतिदिन सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही, कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा को भी जमशेदपुर में ही रहकर कानून-व्यवस्था की लगातार और बारीक निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


