जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप लेती जा रही है। यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के रेलवे के कथित रवैये के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने बिगुल फूंक दिया है। आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल एकजुट होंगे।
विधायक सरयू राय की मौजूदगी में रणनीति तैयार
इस आंदोलन को धार देने के लिए केबुल टाउन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए प्रबंधन के कड़े निर्देश दिए। राय ने सुझाव दिया कि इस अभियान को व्यवस्थित करने के लिए 15-15 लोगों की विशेष टोलियां बनाई जाएं। ये टोलियां टाटानगर जंक्शन के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर जाकर यात्रियों से सीधा संवाद करेंगी और उनका फीडबैक लेंगी।
डिजिटल फीडबैक और क्यूआर कोड का इस्तेमाल
आंदोलन को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए फीडबैक फॉर्म के साथ-साथ क्यूआर कोड (QR Code) का भी सहारा लिया जाएगा। यात्री अपने मोबाइल से कोड स्कैन कर अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा, स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर एक विशाल व्हाइट बोर्ड लगाया जाएगा, जहाँ शहर के लोग और यात्री हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
घाटशिला के यात्रियों की समस्याओं पर चर्चा
बैठक के दौरान घाटशिला क्षेत्र के यात्रियों की पीड़ा को भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि कई ट्रेनों का ठहराव घाटशिला में नहीं होता, जिसके कारण वहां के यात्रियों को टाटानगर उतरना पड़ता है। यदि ट्रेनें घंटों देरी से टाटानगर पहुंचेंगी, तो घाटशिला जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में भारी असुरक्षा और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
READ MORE :Summer Special Trains : चर्लपल्ली से बिहार-झारखंड के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए रुट और टाईमिंग
डीआरएम से पूछे तीखे सवाल: मालगाड़ियों को प्राथमिकता क्यों?
संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बैठक में यह मुद्दा गर्माया रहा कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को घंटों रोककर मालगाड़ियों को पास कराया जा रहा है?
क्या यह फैसला चक्रधरपुर के डीआरएम (DRM) का है?
क्या रेलवे बोर्ड ने इसके लिए कोई लिखित सर्कुलर जारी किया है?
क्या यह रेल महाप्रबंधक का निर्णय है? समिति ने मांग की है कि डीआरएम इन सवालों का सार्वजनिक जवाब दें।
जदयू और सामाजिक संगठनों का मिला समर्थन
इस मुहिम को जदयू महानगर इकाई का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त है। जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कार्यकर्ताओं को इस अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है। रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने शहर के सभी सामाजिक संगठनों और आम जनता से अपील की है कि वे 26 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचकर इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनें।
बैठक में मुख्य रूप से नीरज सिंह, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर, शंकर कर्मकार, शमशाद खान, चुन्नू भूमिज, प्रवीण सिंह, दुर्गा राव, संजीव सिंह, अशोक सिंह, मृत्युंजय शर्मा, दिनेश सिंह, देव कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार और धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया।






