
जमशेदपुर। टाटानगर और खड़गपुर रेल मंडल में यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी से परेशान जनता ने अब आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ ने एक बड़ा ऐलान किया है। आगामी 24 मई को घाटशिला के स्टेशन बाजार में एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
यह महत्वपूर्ण फैसला जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की विशेष मौजूदगी में गुरुवार को हुई रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया। यह बैठक न्यू केबुल टाउन में आयोजित की गई थी, जिसमें आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय की गई।
न्यू केबुल टाउन की बैठक में बनी रणनीति
READ MORE..कोसी सुपर एक्सप्रेस में छूटी मासूम बच्ची, टीटीई की सूझबूझ से माता-पिता से दोबारा मिली
गुरुवार को न्यू केबुल टाउन में आयोजित इस बैठक में रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे। बैठक के दौरान इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की गई कि रेलवे प्रशासन की लापरवाही के कारण आम यात्रियों को रोजाना घंटों स्टेशनों पर परेशान होना पड़ रहा है। लोकल और पैसेंजर ट्रेनों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है, जिससे नौकरीपेशा, छात्रों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जमशेदपुर से घाटशिला जाएंगे 100 से अधिक आंदोलनकारी
बैठक में यह जानकारी दी गई कि घाटशिला के स्थानीय लोग इस हस्ताक्षर अभियान को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं और उन्होंने ग्राउंड लेवल पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आंदोलन को धार देने के लिए यह तय किया गया है कि 24 मई को जमशेदपुर से लगभग 100 लोग घाटशिला जाएंगे। वहां के स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों के साथ मिलकर इस हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक और सफल बनाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खड़गपुर रेल मंडल के अधिकारियों की नींद तोड़ना और लेटलतीफ चलने वाली यात्री ट्रेनों के समय में सुधार करवाना है।
कोलकाता जीएम से मुलाकात की तारीख होगी तय
READ MORE..SERAIKELA NEWS: सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उपायुक्त सख्त, दिए कड़े निर्देश
रेल यात्री संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 24 मई को घाटशिला में होने वाले हस्ताक्षर अभियान की सफलता और वहां से मिलने वाले फीडबैक के बाद ही आगे का प्लान तय होगा। इस अभियान के तुरंत बाद समिति की अगली बैठक होगी, जिसमें यह निर्णय लिया जाएगा कि हस्ताक्षरों के पुलिंदे के साथ कोलकाता स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) से कब मिलना है और उन्हें ज्ञापन सौंपना है।
बैठक में ये लोग रहे मुख्य रूप से उपस्थित
ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ एकजुट हुए इस आंदोलन की बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य और सक्रिय सदस्य शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, नीरज सिंह, कंचन डे, त्रिदेव सिंह, अजय कुमार और हनी परिहार आदि उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में कहा कि जब तक रेलवे समय सारणी में सुधार नहीं करता, तब तक यह जन आंदोलन थमेगा नहीं।


