
जमशेदपुर: स्थानीय स्तर पर रेलयात्रियों की समस्याओं और ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ आवाज उठाने वाली ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ आने वाले दिनों में भी पूर्ववत सक्रिय रहेगी। गुरुवार को दोपहर बाद विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर (जीएम) द्वारा आंदोलन की मुख्य मांगें मान लिए जाने के बाद की स्थिति और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जीएम के वादों और घोषणाओं की होगी जमीनी निगरानी
बैठक में समिति के सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि रेल जीएम ने आंदोलन के दबाव में यह घोषणा तो कर दी है कि अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, लेकिन जमीन पर इस वादे को कितना निभाया जा रहा है, इसकी लगातार छानबीन और निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, जीएम द्वारा डीआरएम को एक जनसंपर्क इंस्पेक्टर बहाल करने के दिए गए निर्देश और उसके कार्यकलापों पर भी संघर्ष समिति अपनी पैनी नजर रखेगी ताकि यात्री ट्रेनों का समय पालन सुनिश्चित हो सके।
विकास कार्यों में जमशेदपुर की उपेक्षा पर उठे गंभीर सवाल
बैठक के दौरान पिछले 10 वर्षों में जमशेदपुर के आसपास रेल बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के विकास न होने पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई गई। समिति ने रेल जीएम की इस स्वीकारोक्ति को बेहद गंभीरता से लिया कि विगत एक दशक में यहाँ कोई बड़ा ढांचागत काम नहीं हुआ। बैठक में सवाल उठाया गया कि जब 2016-17 से पूरे देश में रेलवे स्टेशनों और ट्रैकों के आधुनिकीकरण पर खरबों रुपये खर्च किए गए, तो जमशेदपुर की ऐसी उपेक्षा क्यों हुई? वर्तमान में अरबों रुपये की जिन योजनाओं की बात जीएम और सांसद कर रहे हैं, वे पिछले 10 साल में क्यों नहीं बनीं? इसके लिए जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण ही आज यात्रियों को कष्ट झेलना पड़ रहा है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: हाथियों के आतंक से मिलेगी मुक्ति, वन विभाग ने बिछाया AI कैमरों का जाल
राजनीतिक दलों की बेरुखी पर अफसोस, जोबा मांझी ने दिया समर्थन
इस जन आंदोलन में शहर के राजनीतिक दलों की उदासीनता पर बैठक में गहरा अफसोस जताया गया। चर्चा हुई कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद आजसू और जदयू को छोड़कर कोई भी अन्य प्रमुख सियासी दल इस लड़ाई में सामने नहीं आया। हालांकि, सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने दूरभाष पर विधायक सरयू राय से बातचीत के दौरान आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इन मांगों को गंभीरता से लागू कराने के लिए रेल जीएम से बात करेंगी। इसके साथ ही, चैंबर ऑफ कॉमर्स और मारवाड़ी सम्मेलन जैसे व्यावसायिक संगठनों के सक्रिय सहयोग के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह, आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नीरज सिंह और अमित शर्मा उपस्थित थे।


