
जमशेदपुर।
भारतीय रेलवे अपने यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर पटरियों की मरम्मत का कार्य करता है। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत एक वृहद ट्रैक रखरखाव (Track Maintenance) कार्य की योजना बनाई गई है। इस अत्यंत महत्वपूर्ण सुरक्षा कार्य के कारण चक्रधरपुर मंडल के कांसबहाल और धारुआडीही स्टेशनों के बीच अप और डाउन लाइनों पर बड़ा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 3 जुलाई 2026 से 17 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। हर शुक्रवार और मंगलवार को 5 घंटे 30 मिनट का यह ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।
डाउन और अप लाइन पर ब्लॉक की निर्धारित तिथियां
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, धारुआडीही और कांसबहाल स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर प्रत्येक शुक्रवार को ब्लॉक लागू रहेगा। यह ब्लॉक जुलाई महीने में (03, 10, 17, 24, 31), अगस्त में (07, 14, 21, 28), सितंबर में (04, 11, 18, 25), अक्टूबर में (02, 09, 16, 23, 30) और नवंबर में (06, 13) लिया जाएगा। इसी प्रकार, कांसबहाल और धारुआडीही स्टेशनों के बीच अप लाइन पर प्रत्येक मंगलवार को यह ब्लॉक रहेगा। इसकी निर्धारित तिथियां जुलाई में (07, 14, 21, 28), अगस्त में (04, 11, 18, 25), सितंबर में (01, 08, 15, 22, 29), अक्टूबर में (06, 13, 20, 27) और नवंबर में (03, 10, 17) तय की गई हैं।
हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस सहित ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
इस लंबे ब्लॉक के कारण रेलवे ने लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों को पूरी तरह से निरस्त (Cancel) करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 2 जुलाई 2026 से 12 नवंबर 2026 तक अपने निर्धारित प्रारंभिक दिनों में रद्द रहेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 5 जुलाई 2026 से 15 नवंबर 2026 तक अपने निर्धारित शुरुआती दिनों में पूरी तरह से निरस्त रहेगी। इससे उत्तर भारत से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना फिर से बनानी होगी।
राउरकेला तक ही जाएगी आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस
ट्रैक मरम्मत के कारण कुछ ट्रेनों की यात्रा को संक्षिप्त (Short Terminate/Originate) किया गया है। गाड़ी संख्या 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (2 जुलाई से 12 नवंबर 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर) अपनी यात्रा राउरकेला स्टेशन पर ही समाप्त करेगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (3 जुलाई से 13 नवंबर 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर) दुर्ग के बजाय राउरकेला से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी। इन तिथियों पर यह महत्वपूर्ण ट्रेन राउरकेला और दुर्ग स्टेशनों के बीच पूरी तरह से रद्द रहेगी। दुर्ग जाने वाले यात्रियों को राउरकेला से वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: ट्रेनों की लेटलतीफी से निजात पाने के लिए रेल यात्री संघर्ष समिति की अहम बैठक 3 मई को, तय होगी भविष्य की रणनीति
टाटानगर और गम्हरिया स्टेशन नहीं जाएगी यह ट्रेन
ब्लॉक के दिनों में मार्ग परिवर्तन (Route Diversion) की व्यवस्था भी लागू की गई है। गाड़ी संख्या 13288 आरा-दुर्ग दक्षिण बिहार एक्सप्रेस (6 जुलाई से 16 नवंबर 2026 के बीच निर्धारित सोमवार की तिथियों पर) अपने नियमित मार्ग कान्ड्रा जंक्शन–गम्हरिया जंक्शन–टाटानगर जंक्शन–गम्हरिया जंक्शन–सिनी जंक्शन के बजाय परिवर्तित मार्ग कान्ड्रा जंक्शन से सीधे सिनी जंक्शन होकर चलेगी। इस रूट डायवर्जन के कारण यह ट्रेन गम्हरिया जंक्शन और टाटानगर जंक्शन (जमशेदपुर) स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। पूर्व रेलवे ने इस रखरखाव कार्य के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।



