
जमशेदपुर।

| शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था अर्पण परिवार द्वारा आयोजित 11वें महा रक्तदान शिविर ने सेवा और मानवता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। भीषण गर्मी के बावजूद आयोजित इस विशाल रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 1068 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसने पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और परिवारों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रक्तदान के माध्यम से अर्पण कर रहा अतुलनीय कार्य : अर्जुन मुंडा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अर्पण परिवार की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। अर्पण परिवार द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी सेवा भावना वास्तव में अतुलनीय है।
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं : रघुवर दास
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
टीम अर्पण पर शहर को गर्व है : विद्युत वरण महतो
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि अर्पण परिवार सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का यह अभियान न केवल रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर को अर्पण परिवार पर गर्व है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सासाराम के मशहूर लेखक कृपाशंकर को मिलेगा ‘सातवां राघव आलोक स्मृति सम्मान’; 5 जुलाई को भोजपुरी भवन में जुटेगा साहित्य जगत
यह रक्तदान शिविर समाज के लिए मिसाल : मंगल कालिंदी
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। अर्पण परिवार द्वारा आयोजित यह विशाल रक्तदान शिविर समाज के लिए एक मिसाल है और हर सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस शिविर में आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई : डी.बी. सुंदररमन
टाटा स्टील लिमिटेड के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सेवाएं) डी.बी. सुंदररमन ने कहा कि इस भव्य रक्तदान शिविर में आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने इसे समाज सेवा का एक अतुलनीय उदाहरण बताते हुए कहा कि इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है।
महिलाओं और परिवारों ने पेश की मिसाल
शिविर में बड़ी संख्या में प्रथम बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। कई परिवारों ने एक साथ रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इनमें पिता-पुत्र, पति-पत्नी और अन्य परिजनों ने सामूहिक रूप से रक्तदान किया।
रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अर्पण परिवार ने रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर रक्तदाताओं और अतिथियों के बीच पौधों का वितरण किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
मानव सेवा ही अर्पण का संकल्प : अमरप्रीत सिंह काले
अर्पण परिवार के संरक्षक अमरप्रीत सिंह काले ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास से ही संस्था सेवा के नए आयाम स्थापित कर रही है।
सैकड़ों गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व विधायक अरविंद सिंह, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, विभिन्न मीडिया संस्थानों के संपादक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्पण परिवार के अध्यक्ष जुगुन पांडे, पप्पू राव, महेश मिश्रा, बिभाष मजुमदार, प्रिंस सिंह, दीपक सिंह, सूरज बाग, घनश्याम भिरभरिया, सुमन कुमार, कौशिक प्रसाद, मनीष सिंह सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



