
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के रेड क्रॉस भवन में रविवार को सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार का एक अनूठा संगम देखने को मिला। प्रख्यात समाजसेवी और रेड क्रॉस के संरक्षक रहे स्वर्गीय बाबू के.के. सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में शहर के सियासी व सामाजिक दिग्गजों का महाजुटान हुआ। के.के. एजुकेशनल फाउंडेशन और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में लगे इस शिविर में युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया और कुल 254 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

सांसद विद्युत वरण बोले- ‘दूसरों की मदद ही उनका असली परिचय’
शिविर के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ करते हुए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा जयंती को रक्तदान के रूप में मनाना बाबू के.के. सिंह के उच्च संस्कारों का प्रमाण है। वहीं, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि के.के. सिंह जीवनपर्यंत सेवा के पर्याय रहे; आज भी लोग उनके घर उसी उम्मीद से पहुंचते हैं, जैसे किसी सांसद या विधायक के कार्यालय जाते हैं। ईचागढ़ विधायक सविता महतो और मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने भी उनके अमर कृतित्व को याद कर नमन किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सासाराम के मशहूर लेखक कृपाशंकर को मिलेगा ‘सातवां राघव आलोक स्मृति सम्मान’; 5 जुलाई को भोजपुरी भवन में जुटेगा साहित्य जगत
पूर्व सीएम से लेकर बन्ना गुप्ता तक, राजनीतिक सीमाओं से परे दिखी एकजुटता
आयोजन में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गजब का तालमेल दिखा। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं की पीठ थपथापाई। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पुराने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि ‘बाबू के.के. सिंह में इंसानों को परखने की अद्भुत क्षमता और हर पल मदद का जज्बा था’। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ स्तंभ ए.के. श्रीवास्तव, अरुण बांकरेवाल और शिवशंकर सिंह ने भी उनके लोकोपकारी जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
तीसरी पीढ़ी के आर्य वत्स ने संभाली कमान, मीडिया जगत रहा मौजूद
शिविर की सबसे खूबसूरत तस्वीर यह रही कि इसका पूरा फील्ड प्रबंधन बाबू के.के. सिंह के पौत्र आर्य वत्स ने अपनी युवा टीम (आशीष कश्यप, हर्षित शर्मा, अक्षत कुमार, मोहित, अग्रिमा व अक्षिता) के साथ संभाला। फाउंडेशन की संरक्षक उर्मिला सिंह, चेयरमैन विकास सिंह और डायरेक्टर रश्मि सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान ‘चमकता आईना’ के जय प्रकाश राय, ‘न्यू इस्पात मेल’ के बृजभूषण सिंह, ‘उदितवाणी’ के उदित अग्रवाल और ‘खबर मंत्र’ के सत्येंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ संपादक व जिला परिषद सदस्य कविता परमार उपस्थित रहीं। जमशेदपुर ब्लड सेंटर ने संग्रह किया, जबकि रेड क्रॉस के सचिव विजय कुमार सिंह ने आभार जताया।



