जमशेदपुर।
जमशेदपुर के Jamshedpur Workers College में ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम MY Bharat द्वारा National Service Scheme (एनएसएस) के सहयोग से आयोजित किया गया।कार्यक्रम का विषय था – “आपातकाल के पचास साल: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक”। इस अवसर पर युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के महत्व पर विचार रखने का अवसर मिला।
सांसद विद्युत वरण महतो रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद Bidyut Baran Mahato उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथि के रूप में एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार, एनएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो तथा डिस्ट्रिक्ट यूथ ऑफिसर डॉ. मंटू पातर मौजूद थे।वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया।
युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास
मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने युवाओं से राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल में प्रो. राजेन्द्र जायसवाल, प्रो. डॉ. प्रकाश दुबे, डॉ. सुमित कुमार ठाकुर, टाटा स्टील के मैनेजर स्पोर्ट्स उमेश विक्रम कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा और कुसुम पूर्ती शामिल थे।
58 छात्रों ने लिया हिस्सा
जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट में पूर्वी सिंहभूम जिले के एक दर्जन से अधिक कॉलेजों के 58 प्रतिभागियों (30 छात्राएं और 28 छात्र) ने भाग लिया। इसमें जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज, करीम सिटी कॉलेज, एबीएम कॉलेज, ग्रेजुएट कॉलेज, एलबीएसएम कॉलेज, जेकेएम कॉलेज, पटमदा कॉलेज, बहरागोड़ा कॉलेज, डीबीएमएस कॉलेज, रंभा कॉलेज, महिला विश्वविद्यालय, केएमपीएम कॉलेज, स्वामी विवेकानंद कॉलेज और वर्कर्स कॉलेज के छात्र शामिल थे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए पांच प्रतिभागी
निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ पांच प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए किया। चयनित प्रतिभागियों में मेघा रावत (करीम सिटी कॉलेज), संचित घोष (केएमपीएम कॉलेज), संगम गुप्ता (करीम सिटी कॉलेज), पलक तिवारी (पटमदा कॉलेज) और मानव घोष (वर्कर्स कॉलेज) शामिल हैं।कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक कुमार चौबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुरभि सिन्हा ने दिया।




