
जमशेदपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के बाराबंकी तथा बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग, नूतनडीह, जेम्को और मणिफीट में छापेमारी की।
390 लीटर अवैध शराब बरामद
उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से करीब 390 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला करीब 21,000 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया।
विभाग के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चार अन्य आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा मोटर्स में बोनस समझौता हुआ संपन्न, अधिकतम 87543, औसतन 53787 रुपये
त्योहार को लेकर लगातार निगरानी
प्रशासन की ओर से आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त राजीव रंजन ने उत्पाद विभाग को ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत देखा जा रहा है। विभाग की टीम द्वारा संबंधित क्षेत्रों में आगे भी छापेमारी और निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।

