
जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत संचालित दावा-आपत्ति एवं सत्यापन प्रक्रिया के क्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने जमशेदपुर समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर किए जा रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
READ MORE :Jamshedpur News :CSIR-NML में ‘विज्ञान ज्योति’ पहल के तहत छात्राओं का भ्रमण, 3D प्रिंटिंग और वैज्ञानिक अनुसंधान से हुईं रूबरू
दस्तावेजों के सत्यापन में निष्पक्षता और पारदर्शिता का निर्देश
इस निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने SIR-2026 के तहत DEO स्तर पर प्राप्त प्रकरणों, संलग्न दस्तावेजों के सत्यापन और अब तक की गई कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी आयुक्त को दी।
आयुक्त ने सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि प्राप्त दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए।
सत्यापन के दौरान तथ्यों एवं दस्तावेजों की समुचित जांच के साथ-साथ निष्पक्षता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
READ MORE :CHAIBASA NEWS :कोल्हान विश्वविद्यालय के डॉ. शोभित रंजन की पुस्तक ‘न्यूरोबायोलॉजी ऑफ टाइप-2 डायबिटीज’ एल्सेवियर से प्रकाशित
लंबित प्रकरणों की हो नियमित समीक्षा
आयुक्त ने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा, आवश्यकता के अनुसार संबंधित मतदाताओं को प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए ताकि किसी भी योग्य मतदाता को परेशानी न हो।
इस अवसर पर ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी (धालभूम) अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

