
जमशेदपुर,। गोलमुरी के केबुल टाउन स्थित न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि और भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस वर्ष पूजा कमिटी अपने स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मना रही है।
ढाक और ताशा की गूंज के बीच खुला पूजा पंडाल
उद्घाटन समारोह में विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा नेता दिनेश कुमार ने पंडाल में लगे फीते को खोलकर श्रद्धालुओं के लिए पूजा पंडाल का शुभारंभ किया। पारंपरिक ढाक और ताशा की गूंज के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया।इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
50 वर्ष पूरे होने पर विशेष दीप प्रज्वलित
इस बार का दुर्गा पूजा महोत्सव कमिटी के लिए विशेष महत्व रखता है। पूजा कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समारोह के दौरान 50 अंकित विशेष दीप प्रज्वलित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से कमिटी की पांच दशक पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को सम्मान दिया गया।
दुर्गा पूजा सामाजिक एकता और शक्ति का प्रतीक : पूर्णिमा साहू
विधायक पूर्णिमा साहू ने श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में साहस तथा सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है।विधायक ने पूजा कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को एकजुट करने के साथ सामाजिक भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।
READ MORE :Festival Special Trains 2026: बेंगलुरु, अमृतसर, दिल्ली और टाटानगर के यात्रियों को राहत
सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखती है दुर्गा पूजा : दिनेश कुमार
भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। पूजा पंडालों के माध्यम से समाज में भक्ति, सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
पूजा कमिटी ने श्रद्धालुओं से की भागीदारी की अपील
समारोह में समाजसेवी अखिलेश चौधरी और गोलमुरी भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय भी मौजूद रहे।पूजा कमिटी के अध्यक्ष विनय चौधरी, रोहित आनंद, महासचिव नरेंद्र कुमार, दीपांजन मुखर्जी, बीटी विश्वास, जसबीर सिंह और जयराम दास पात्र सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।कमिटी ने श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा महोत्सव और मां के जागरण में सपरिवार शामिल होने की अपील की।


