
आदित्यपुर। दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर के हरिओम नगर में उत्साह का माहौल है। यहां 6एलएफ मैदान में श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति, मां भवानी यूथ क्लब की ओर से निर्मित भव्य और पर्यावरण अनुकूल दुर्गा पूजा पंडाल का देर शाम विधिवत उद्घाटन किया गया। पूजा समिति के अध्यक्ष अंबुज कुमार की माता सिंहता देवी ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।
समारोह में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के प्रत्याशी रहे गणेश महाली विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
10 हजार मिट्टी की हांडियों से तैयार हुआ अनोखा पंडाल
इस वर्ष मां भवानी यूथ क्लब का दुर्गा पूजा पंडाल अपनी अनूठी बनावट और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को लेकर विशेष आकर्षण का केंद्र है। पश्चिम बंगाल के बांसबेरिया और उलुबेरिया से आए कुशल शिल्पकारों ने लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में इस भव्य पंडाल का निर्माण किया है।
पंडाल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके निर्माण में करीब 10 हजार मिट्टी की पकी हांडियों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पुआल, बांस की टोकरियां, ताड़ के पत्ते और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग कर इसे आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
पारंपरिक शिल्पकला के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पूजा समिति ने इस बार पंडाल के माध्यम से पारंपरिक भारतीय शिल्पकला और पर्यावरण संरक्षण को प्रमुखता दी है। प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार सजावट में बंगाल के कारीगरों की कलात्मकता देखने को मिल रही है।
मिट्टी की हांडियों और बांस की टोकरियों का रचनात्मक इस्तेमाल पंडाल को दूसरे पूजा पंडालों से अलग पहचान दे रहा है। समिति का प्रयास श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देना भी है।
READ MORE :Festival Special Trains 2026: बेंगलुरु, अमृतसर, दिल्ली और टाटानगर के यात्रियों को राहत
उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता सुरेश धारी, वरिष्ठ नेता दिवाकर झा, पूजा समिति के अध्यक्ष अंबुज कुमार, चेयरमैन हरेंद्र तिवारी, सह-चेयरमैन बीरेंद्र यादव, मुख्य संयोजक रवि प्रकाश ओझा, महासचिव रामाशंकर पांडेय, उज्ज्वल कुमार, संयोजक प्रभुनाथ यादव, पार्षद नीतू शर्मा, रमाशंकर पांडेय, अजय ओझा, बीरेंद्र तिवारी, अमरनाथ ठाकुर और शशि आचार्य सहित कई लोग उपस्थित रहे।


