जमशेदपुर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत संपन्न मतदान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं, जिससे मतदान प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के निर्धारित समय पर शुरू होकर शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
मतदान का पूरा आंकड़ा
जिले के कुल 70 वार्डों में 249 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 2,53,711 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 53.40 दर्ज किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं और लोगों ने उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लिया।
निकायवार मतदान प्रतिशत
तीनों नगर निकायों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा—
मानगो नगर निगम – 50.8%
जुगसलाई नगर परिषद – 59.6%
चाकुलिया नगर पंचायत – 72.9%
चाकुलिया नगर पंचायत में सर्वाधिक मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाता है।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं (AMF) उपलब्ध कराई गई थीं। पेयजल, शौचालय, रैंप और बिजली जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया था ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियमित निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई। प्रशासन को कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
सभी का जताया आभार
श्री सत्यार्थी ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
27 फरवरी को मतगणना
उन्होंने बताया कि मतगणना निर्धारित तिथि 27 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है



