
जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और भारी वाहनों की चपेट में आकर हो रही जनहानि पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरी चिंता व्यक्त की है। आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विधायक ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त (DC) को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
सुबह 5 से रात 11 बजे तक सख्त नो-एंट्री की मांग
विधायक पूर्णिमा साहू ने पत्र में कहा है कि जमशेदपुर एक औद्योगिक शहर है, जहां आर्थिक गतिविधियों के लिए भारी वाहनों का परिचालन आवश्यक है, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा भी प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।उन्होंने मांग की है कि शहरी क्षेत्र में प्रातः 5 बजे से रात्रि 11 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर ‘नो-एंट्री’ लागू कर उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।नो-एंट्री की समयसारिणी और यातायात नियमों की जानकारी देने वाले स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने की भी मांग की गई है।विधायक ने याद दिलाया कि मई 2026 में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में भी उन्होंने यातायात सुधार को लेकर ये अहम सुझाव दिए थे।
READ MORE :CHAIBASA NEWS:कोल्हान विश्वविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर क्विज प्रतियोगिता और व्याख्यान, तनुश्री रहीं प्रथम
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विधायक के प्रमुख सुझाव
पत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन, पुलिस और कंपनी प्रबंधन के समन्वय से निम्नलिखित कदम उठाने का आग्रह किया गया है:सीसीटीवी निगरानी: व्यस्त चौक-चौराहों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और भारी वाहनों के परिचालन वाले मार्गों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।ट्रैफिक पुलिस की तैनाती: शहर के प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती हो।इंजीनियरिंग सुधार: दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सुरक्षा ऑडिट कर स्पीड ब्रेकर, संकेतक, स्पीड लिमिट साइन बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था में सुधार किया जाए।ड्रंकन ड्राइविंग की जांच: भारी वाहन चालकों द्वारा नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित रूप से ‘ब्रेथ एनालाइजर’ के माध्यम से जांच अभियान चलाया जाए।
इन अधिकारियों को भी भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि
विधायक ने पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम; वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम; पुलिस अधीक्षक (शहरी), पूर्वी सिंहभूम; पुलिस उपाधीक्षक (यातायात); नगर आयुक्त, जमशेदपुर अक्षेस और महाप्रबंधक, टाटा स्टील-यूआईएसएल, जमशेदपुर को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की है।

