
जमशेदपुर। पितृ पक्ष की अमावस्या पर अंत्योदय एक अभियान की ओर से जुगसलाई स्थित पार्वती घाट में विशेष श्राद्ध कर्म का आयोजन किया गया। इस दौरान अभियान के माध्यम से अंतिम संस्कार किए गए 599 अज्ञात एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की आत्मा की शांति के लिए पूरे विधि-विधान से पिंडदान, हवन और श्राद्ध कर्म संपन्न कराया गया। इसके साथ ही करीब 1000 लोगों के बीच श्राद्ध भोज कराया गया। कार्यक्रम में इस मानवीय कार्य में सहयोग देने वाले पार्वती घाट के कर्मचारियों और पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
2022 में शुरू हुआ था अंत्योदय एक अभियान
पत्रकार और जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद प्रवीण सेठी ने दिव्यांग दंपति के अंतिम संस्कार के बाद संकल्प लिया था कि उन्हें जब भी किसी लावारिस शव या आर्थिक रूप से परेशान परिवार की ओर से अंतिम संस्कार में असमर्थता की सूचना मिलेगी, वे पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराने का प्रयास करेंगे।
इसी संकल्प के साथ वर्ष 2022 में गणेश चतुर्थी के दिन ‘अंत्योदय एक अभियान’ की शुरुआत की गई। प्रवीण सेठी के अनुसार, अभियान के माध्यम से अब तक 466 अज्ञात शवों और आर्थिक रूप से परेशान लोगों के 133 शवों का अंतिम संस्कार कराया गया है। इस तरह कुल 599 शवों का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक संपन्न कराया जा चुका है।
जिनका कोई नहीं, उनके लिए श्राद्ध और पिंडदान
प्रवीण सेठी ने बताया कि पितृ पक्ष की अमावस्या पर उन लोगों के लिए पिंडदान और श्राद्ध कर्म किया जाता है, जिनका इस दुनिया में कोई अपना नहीं है। इसी भावना से अभियान की ओर से अज्ञात शवों की आत्मा की शांति के लिए यह आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के बाद भी ऐसे लोगों को सम्मानपूर्वक याद करना और उनके लिए धार्मिक परंपराओं के अनुसार श्राद्ध कर्म करना अभियान की मानवीय पहल का हिस्सा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: महाराजा अग्रसेन जयंती पर 61 ब्राह्मणों को कराया गया भोज, वस्त्र और दक्षिणा देकर किया सम्मानित
व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़कर सहयोग करते हैं लोग
अभियान के प्रमुख ने बताया कि ‘अंत्योदय एक अभियान’ नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। इसमें शहर के व्यापारी, शिक्षाविद, पुलिस पदाधिकारी, डॉक्टर और मजदूर वर्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग जुड़े हुए हैं। सभी अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों के अंतिम संस्कार में आर्थिक और अन्य सहायता प्रदान करते हैं।
प्रवीण सेठी ने जमशेदपुर और आसपास के लोगों से अपील की कि यदि किसी लावारिस शव या आर्थिक रूप से परेशान परिवार को अंतिम संस्कार में मदद की जरूरत हो, तो अभियान से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है।
संपर्क नंबर: 9204886232

