जमशेदपुर: लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया की महत्ता एवं इसके प्रभाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा आसन्न विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया को प्रभावी हथियार के रूप में इस्तेमाल करने पर बल दे रही है। सोशल मीडिया की चुनावी तैयारी व रणनीति हेतु राज्य के सोशल मीडिया आईटी सेल कार्यकर्ताओं की बुधवार को राँची के रिम्स ऑडिटोरियम में एक दिवसीय सोशल मीडिया कार्यशाला सोशल मीडिया आईटी सेल के राष्टीय संयोजक अमित मालवी की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा सोशल मीडिया आईटी सेल के प्रदेश सह प्रभारी एवं जिला संयोजक विक्रम चंद्राकर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया व सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल के गुर सीखे। इससे पहले, साकची जिला कार्यालय पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर राँची के लिए रवाना किया। कार्यशाला में राष्ट्रवादी विचारधारा व योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने व विरोधियों के भ्रामक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सोशल मीडिया को सकारात्मक माध्यम के रूप में इस्तेमाल करने पर बल दिया गया।
इस दौरान मुख्यरूप से भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला मंत्री राकेश सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, भाजपा जिला आईटी के संयोजक शैलेन्द्र कुमार, सहसंयोजक अमित श्रीवास्तव, राकेश शर्मा, भाजयुमो सोशल मीडिया प्रभारी इंद्रजीत सिंह समेत काफी संख्या में जमशेदपुर महानगर अधीन मंडल के संयोजक व सह संयोजक उपस्थित थे।
