
जमशेदपुर ।


शहर के साकची थाना अंर्तगत काशीडीह हीरो सर्विस सेंटर के पास नशे में धुत्त दो पुलिसकर्मियों की लोगों ने जमकर पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया है। पिटाई के बाद दोनों को साकची पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जाता है कि घायलों में जमशेदपुर न्यायालय में पदस्थापित एएसआइ रंजन कुमार और कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार शामिल हैं।
दरअसल जानकारी के अनुसार दोनों हीरो सर्विस सेंटर के पास मैदान में शराब पी रहे थे। पास ही में एक स्कूल के गार्ड ने उन्हें शराब पीने से मना किया तो दोनों ने वर्दी का रौब दिखाते हुए गार्ड के साथ मारपीट की। गार्ड के साथ मारपीट होता देख आसपास के लोग जुटने लगे और दोनों पुलिसकर्मियों को मारपीट कर घायल कर दिया। एएसआइ रंजन कुमार की वर्दी भी फाड़ दी। स्थानीय लोगों ने साकची थाना में घटना की जानकारी दी जिसके बाद साकची थाना की पुलिस दोनों को थाने ले आई।
वही पिटाई से घायल हुए एएसआइ रंजन कुमार ने स्वीकार किया कि वह नशे में था। ड्यूटी से निकलने के बाद वह मृत्युंजय के साथ बाइक से घर जा रहा था। सर्विस सेंटर के पास मृत्युंजय के बाइक की पेट्रोल खत्म हो गई तो बोतल में पेट्रोल लाकर गाड़ी में डाल ही रहा था कि गार्ड ने आकर कहा की यहां नशा मत करो। उसने कहा कि वह गाड़ी में पेट्रोल डाल रहा है। इतने में गार्ड ने 15-20 लोगों को बुला लिया। सबने मिलकर हम दोनों की पिटाई कर दी।

