
देवघर, साहेबगंज, पलामू, गोड्डा के प्रतिभागी आज आ चुके हैं जमशेदपुर
जमशेदपुर। खेलकूद निदेशालय के निदेश के आलोक में जमशेदपुर के टिनप्लेट स्टेडियम में 25 से 27 अक्टूबर तक चलने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन कल अपराह्न 3ः00 बजे होगा। इस राज्य स्तरीय आयोजन में लगभग 40 प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी है। 27 अक्टूबर को समापन अवसर पर विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष उप विकास आयुक्त श्री विनोद कुमार ने संवाददाता सम्मेलन के द्वारा आयोजन की विस्तृत जानकारी आज संचार माध्यमों को दी। बाहर से आनेवाले खिलाड़ियों को ठेहराने के लिए एक दर्जन से अधिक स्थानों/भवनों को चिन्हित कर आवासन व्यवस्थाएं कर दी गई है। बालिका प्रतिभागियों को गुरूनानक हाई स्कूल, साकची में ठहराया जाएगा जबकि बालक वर्ग के प्रतिभागियों को तुलसी भवन, सोन मण्डप, टाउन हॉल, गुजराती सनातन समाज, रेड कॉस भवन, यात्रि निवास, उत्कल समाज आदि में ठहराया जा रहा है। राज्य भर से लगभग 1 हजार प्रतिभागी इस आयोजन में भाग लेंगे। प्रतिभागियों के पंजीकरण हेतु गुरूनानक हाई स्कूल, साकची में पंजीकरण केन्द्र बनाया गया है। अभी तक चार जिलो देवघर, साहेबगंज, पलामू के प्रतिभागी शहर में आ चुके हैं। शेष जिलो के प्रतिभागी कल सुबह तक जमशेदपुर पहुंच जाएंगे। इस आयोजन में जमशेदपुर की 6 टीमें भाग ले रही हैं। कल उद्घाटन अवसर पर संत रॉवर्ट हाई स्कूल, परसुडीह के छात्र-छात्राओं को बैंड, स्वागत गान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जिम्मा दिया गया है। उक्त उद्घाटन समारोह में जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती बुलू रानी सिंह, उपायुक्त श्री अमित कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अनूप टी मेथ्यू, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री राज कुमार सिंह आदि सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। आयोजन के सफल कार्यान्वयन हेतु 9 विभिन्न उप समितियां गठित की गई। पंजीकरण एवं स्वागत समिति, आवासन व्यवस्था समिति, परिवहन समिति, भोजन व्यवस्था समिति, विधि-व्यवस्था समिति, प्राथमिक चिकित्सा समिति, उद्घाटन एवं समापन समिति, तकनीकी समिति, साफ-सफाई समिति आदि नौ समितियों में कुल 85 अधिकारियों/कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया। संवाददाता सम्मेलन में उप विकास आयुक्त श्री विनोद कुमार, एनआरईपी निदेशक श्रीमती रंजना मिश्रा व जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी संजय कुमार मौजूद थे।




