
जमशेदपुर,


भारतीय जनता मोर्चा के द्वारा सोनारी एयरपोर्ट के नजदीक पार्क में सांकेतिक धरना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह धरना सोनारी थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध एवं बढ़ते अपराध कर्मियों के मनोबल को दबाने या नियंत्रण करने में अक्षम सोनारी थाना के प्रभारी एवं पदाधिकारीयों के कार्यशैली के विरोध में किया गया। इस धरना में भारतीय जनता मोर्चा, सोनारी मंडल के काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष चुन्नू भूमिज ने किया जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के संयोजक मुकुल मिश्रा ने सोनारी की समस्याओं को सबके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पहले तो गोलीबारी रोड पर होता था या कहीं छुप के मोहल्लों में होता था लेकिन अब तो खुलेआम किसी के घर में घुसकर गोली मारा जा रहा है। खुलेआम अवैध शराब, अवैध गांजा तथा लाॅटरी का धंधा जोर-शोर पर है।
श्री मिश्रा ने कहा कि आज सोनारी की स्थिति यह है कि लोग इतने भय में हैं कि कब किधर गोली चल जाए कब कौन उचक्का किसी से कुछ छीन कर भाग जाए। साथ ही चोरी की घटनाएं भी बढ़ गयी है। लोग डर से थाना नहीं जाते हैं। मारपीट का अभियुक्त आराम से थाने के बाहर घुमता है और उसपर कोई कारवाई नहीं होती हैं। इन सब का कोई असर स्थानीय थाना पर नहीं है एक तरह से वही कहावत है कि अपराधी चुस्त और थाना पदाधिकारी सुस्त। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों में हम चुप नहीं बैठेंगे, आज हमारा सांकेतिक धरना है, जरूरत पड़ी तो हम रोड पर उतरेंगे और जनहित में क्षेत्र में अमन शांति बहाल करने के लिए जन आंदोलन खड़ा करेंगे। साथ ही यहाँ की सारी स्थिति को पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के समक्ष रखेंगे और उन से माँग करेंगे कि ऐसे कमजोर एवं निष्क्रिय थाना प्रभारी को अविलंब यहां से हटाया जाय और किसी योग्य एवं सक्षम पदाधिकारी को सोनारी थाना में पदस्थापित किया जाए। अन्यथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो रही है और आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है। साथ ही वरीय पदाधिकारियों से मांग किया कि सोनारी के निर्मल नगर में स्थित टीओपी जो कि वर्तमान में निष्क्रय हो चुकी है वहाँ तत्काल सक्षम पदाधिकारी नियुक्त कर टीओपी को सक्रिय किया जाय ताकि स्थानीय जनता अपनी छोटीमोटी शिकायतों वहाँ ले कर जा सके और अपराधियों पर भी लगाम लगे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह राघव ने किया।
इस कार्यक्रम में मुख्य रुप से कुलविंदर सिंह पन्नु, अजय सिन्हा, प्रवीण सिंह, अरविंद महतो, राघवेंद्र प्रताप सिंह, राकेश सिंह, शेषनाथ पाठक, शीतल खुल्लर, देवेंद्र सिंह, काजल चैधरी, देवेंद्र प्रसाद, लल्लू सिंह, अमित गोराई, लालू रजक, प्रफ्फुल कुमार वर्मा, मृणल सतपती, सर्वेश अधिकारी, रूपचंद कर्मकार, शेषनाथ पाठक, राजू सिंह, संटी रजक, सुनीता सिंह, इंदु शेखर सिंह, ब्रजकिशोर पंडित सहित कई भाजमों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

