
जमशेदपुर । न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को पोटका प्रखंड के सानग्राम पंचायत में नालसा स्किम 2015 के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर सिविल जज सुशीला सोरेंग मौजूद थी। इनके अलावे न्यायिक दंडाधिकारी अर्पणा कुमारी एवं अधिवकता शमशाद खान मौजूद थे। बस्ती वासियों को संबोधित करते हुए सुशीला सोरेंग ने कहा कि जीवन मे बदलाव लाने तथा गरीबी उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। सरकार की कई योजनाएं चल रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लाभुक उससे वंचित हैं। जागरुक होकर ही गरीबी खत्म की जा सकती है. मौके पर मौजूद प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अर्पणा कुमारी ने कहा कि अब न्याय पाना सुलभ हो गया है। उन्होंने लोगों से सस्ता एवं सुलभ न्याय के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने के लिए कहा। मौके पर अधिवक्ता सह डालसा के पैनल लॉयर शमशाद खान ने कहा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जरूरतमंद आम लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है।इसके लिए डालसा कार्यालय या स्थानीय पीएलवी से सम्पर्क की जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी दोबो चकिया ने किया।मौके पर पीएलवी शंकर गोराई, चयन मंडल, अरुण रजक,सुनील पांडेय सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्राय महली, पंचायत की मुखिया, ग्राम प्रधान,सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

