
देवघर: आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागवार चल रही तैयारियों, वर्तमान कार्य योजना, टेंडर प्रक्रिया और आवंटन राशि की वस्तुस्थिति की बिंदुवार समीक्षा की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि: सौरभ कुमार भुवानिया
उपायुक्त भुवानिया ने बैठक में स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में देवतुल्य श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह होना चाहिए कि किसी भी शिवभक्त को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग अभी से ही अपनी तैयारियों में जुट जाएं ताकि ऐन वक्त पर कोई कमी न रहे। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को आपस में बेहतर सामंजस्य (कोऑर्डिनेशन) बनाकर काम करने को कहा।
READ MORE..Jharkhand News :जनहित से जुड़ी योजनाओं को दें प्राथमिकता – हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री

कांवरिया पथ से लेकर रूटलाइन तक होंगे पुख्ता इंतजाम
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाने, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, पुख्ता मेडिकल सुविधा, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवासन, रूटलाइन में पंडाल निर्माण, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्नानगृह जैसी बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए। देवघर आने वाले श्रद्धालु यहां से एक सुखद अनुभूति लेकर लौटें, यह सुनिश्चित करना हर विभाग की जिम्मेदारी है।
बिजली के पोल शिफ्ट करने और एक्शन प्लान सौंपने का निर्देश
सुरक्षा के लिहाज से उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में बिजली के तारों को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित करने का आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ में आने वाले सभी बिजली के पोल को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया जाए। इसके अलावा, सभी संबंधित विभागों को जल्द से जल्द अपना फाइनल एक्शन प्लान तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बजट और आवंटन की कमी को दूर करने के लिए अभी से पत्राचार करने की बात कही।
READ MORE..Jamshedpur News : सरयू राय हर बार असामान्य ही करते हैं
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, मंदिर प्रभारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार सहित सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और विभिन्न विभागों (विद्युत, पथ प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास) के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी और डीएमएफटी की टीम मौजूद थी।



