
जमशेदपुर।


उप विकास आयुक्त बी माहेश्वरी ने हाल ही में नियुक्ति प्राप्त 32 युवाओं को धानचटानी से हरी झंडी दिखाकर मैसूर के लिए रवाना किया। उप विकास आयुक्त श्री बी माहेश्वरी ने युवाओं को स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
धानचटानी में प्रशिक्षण प्राप्त सभी 32 छात्रों को आटोमोटिव एक्सल मैसूर में नौकरी प्राप्त हुई है। धानचटानी का यह 26 वाँ बैच है जिसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। कल्याण विभाग द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुल, जमशेदपुर में वेल्डिंग ट्रेड का दूसरा बैच है।
श्री माहेश्वरी ने छात्रों को लगन और अनुशासन से काम करते हुए अपने राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को नौकरी के दौरान भी कल्याण गुरुकुल की निगरानी और साथ का आश्वासन दिया। श्री माहेश्वरी ने कहा कि अब छात्रों को भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी है।
इस अवसर पर गुरुकुल के प्रिंसिपल श्री एमके शर्मा ने कहा कि अगले बैच के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है, जिसमें 60 युवाओं को प्रशिक्षित और नियोजित करने का लक्ष्य है। नामांकन की अंतिम तिथि 25 जनवरी है। गुरुकुल के प्रिंसिपल ने बताया कि आगामी छात्रों का नियोजन भी सुनिश्चित है।
9000 से अधिक युवाओं ने रोजगार प्राप्त किया
वर्तमान में राज्य भर में 20 जिलों के 25 कल्याण गुरुकुल में कुल 12 विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कल्याण गुरुकुल से अब तक राज्य भर के 9000 से अधिक युवाओं ने सफल प्रशिक्षण के बाद रोजगार प्राप्त किया है।ज्ञातव्य है कि विगत 10 जनवरी को रांची में आयोजित ग्लोबल स्किल समिट में इन युवाओं को नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ था।कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वय पदाधिकारी, प्रेरणा फाउंडेशन की तरफ से श्री नवीन तिवारी, श्री राहुल रंजन व प्रेझा के कार्यकर्ता सहित सभी छात्र और उनके अभिभावक मौजूद थे।

