चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद पोटो हो सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे। समारोह में विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों एवं प्रगति का प्रतिवेदन कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
27 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने 7वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों, उपाधि वितरण, नई डिग्री की विशेषताओं तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर डीन, अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव, निदेशक एफिलिएटेड कॉलेज डॉ. प्रभात कुमार, परीक्षा नियंत्रक श्रीमती रिंकी दोराई तथा निदेशक NSS एवं मीडिया प्रवक्ता डॉ. मीनाक्षी मुंडा उपस्थित थीं।कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह का मुख्य कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे प्रारंभ होगा। सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक वीर शहीद पोटो हो सभागार में पहुंचना अनिवार्य होगा।
इस वर्ष दीक्षांत समारोह में सभागार में कुल 224 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 26 स्वर्ण पदक विजेता विद्यार्थी, 39 Ph.D. उपाधि प्राप्तकर्ता, 132 PG, 10 M.Ed. तथा 17 PG Medical Diploma की उपाधियां शामिल हैं।26 स्वर्ण पदक विजेताओं में PG सत्र 2023-25 के 23, M.Ed. सत्र 2023-25 का 1, B.Ed. सत्र 2023-25 का 1 तथा MBA सत्र 2022-24 का 1 विद्यार्थी शामिल है।
कुल 26 स्वर्ण पदक विजेताओं में 15 छात्राएं और 11 छात्र हैं। वहीं, Ph.D. की उपाधि प्राप्त करने वाले 39 शोधार्थियों में 20 छात्राएं और 19 छात्र शामिल हैं। इस प्रकार स्वर्ण पदक एवं Ph.D. उपाधि प्राप्त करने वाले कुल 65 विद्यार्थियों में 35 छात्राएं और 30 छात्र हैं।
नई तकनीक से तैयार होगी सुरक्षित एवं स्मार्ट डिग्री
इस दीक्षांत समारोह से कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा नई तकनीक से तैयार की गई डिग्री की शुरुआत की जा रही है। नई डिग्री में QR Code दिया गया है, जिसे स्कैन करने पर संबंधित विद्यार्थी की उपाधि एवं उपलब्ध शैक्षणिक विवरणों का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा।
नई डिग्री को अधिक सुरक्षित एवं टिकाऊ बनाने के लिए इसमें कई आधुनिक सुरक्षा विशेषताएं शामिल की गई हैं। यह वॉटरप्रूफ एवं फायरप्रूफ है तथा इसमें सुरक्षा वॉटरमार्क दिया गया है। डिग्री में हाई-रिजोल्यूशन प्रिजमैटिक पैटर्न वाला विशेष बॉर्डर भी शामिल है।
इसके अतिरिक्त, UV (Ultraviolet) प्रकाश में अदृश्य लोगो दिखाई देगा, जो प्रमाण-पत्र के सत्यापन में सहायक होगा। डिग्री में माइक्रो टेक्स्ट भी प्रिंट किया गया है, जो सुरक्षा फीचर के रूप में कार्य करेगा। प्रमाण-पत्र की एक विशेष सुरक्षा पहचान Xerox/फोटोकॉपी करने पर दिखाई देगी। प्रमाण-पत्र पर ‘Kolhan University’ की विशेष सुरक्षा प्रिंटिंग भी की गई है।
इन आधुनिक सुरक्षा एवं टिकाऊपन संबंधी विशेषताओं के कारण डिग्री को लैमिनेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। विश्वविद्यालय के अनुसार, QR Code और इन विभिन्न सुरक्षा फीचर्स के माध्यम से उपाधि की प्रामाणिकता एवं डिजिटल सत्यापन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाया गया है।
विद्यार्थियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड
दीक्षांत समारोह की गरिमा एवं पारंपरिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।
छात्र: सफेद कुर्ता-पायजामा।
छात्राएं: क्रीम या ऑफ-व्हाइट रंग की लाल/सुनहरे बॉर्डर वाली साड़ी अथवा सफेद/ऑफ-व्हाइट सलवार-सूट के साथ लाल दुपट्टा।
सभागार के अंदर काले रंग के किसी भी वस्त्र अथवा सामान की अनुमति नहीं होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभागार के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की अनुमति नहीं होगी। उपाधि प्राप्तकर्ताओं को बैग, छाता अथवा किसी भी प्रतिबंधित वस्तु के साथ सभागार में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचने तथा ड्रेस कोड एवं सभी सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दीक्षांत समारोह को गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।