
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार झा को प्राप्त सूचना अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के अनजदबेरा और चिड़ीबेड़ा में भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता कांडे होनहागा, सब जोनल कमांडर का दस्ता पहाड़ के ऊपर 20-25 की संख्या में कैंप लगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक ने एप्स प्लान तैयार किया जिसमें अनजदबेरा की तरफ से सीआरपीएफ-174 बटालियन के 2IC अरुण कुमार झा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडे एवं थाना प्रभारी सोनुवा कुलदीप कुमार शामिल थे जिसका नेतृत्व श्री मनीष रमन, अपर पुलिस अधीक्षक, अभियान कर रहे थे। इच्छाबेड़ा की तरफ से सीआरपीएफ 60 बटालियन के श्री महाराणा प्रताप, सहायक समादेष्टा, श्री पंकज राय, सहायक समादेष्टा, सोनवा थाना के स॰अ॰नि॰ रामविलास महतो नेतृत्व कर रहे थे।
गोइलकेरा थाना क्षेत्र के अंजदबेडा में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक महिला नक्सली को किया गिरफ्तार-गोली, नक्सली साहित्य बरामद
दिनांक 14 फरवरी 2019 को उपरोक्त दोनों पार्टियों ने नक्सलियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु क्षेत्र के लिए प्रस्थान किया। करीब 9:00 बजे के आसपास जब सीआरपीएफ 60 बटालियन की पार्टी इच्छाबेड़ा पहाड़ के पास पहुंची तो कुछ पुरुष एवं महिला नक्सली नाला के पास पानी लेने आए थे। इसी बीच पुलिस को देखकर नक्सली अंधाधुंध फायर करने लगे सीआरपीएफ बल के द्वारा अपने आपको संभालते हुए नक्सलियों को गोली नहीं चलाने का आदेश दिया गया परंतु वे नहीं माने और लगातार पुलिस बल पर जानलेवा हमला करते रहे। सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस बल भी अपने आप को बचाते हुए नक्सलियों पर गोली चलाने लगे। पुलिस को आगे बढ़ता देख कर नक्सलियों के द्वारा कई लैंड माइंस विस्फोट किए गए। सीआरपीएफ के द्वारा लगातार फायरिंग करने के बाद पुलिस बल को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए। जिला पुलिस और सीआरपीएफ के द्वारा आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया। सर्च अभियान में एक महिला नक्सली घायल अवस्था में मिली जिसके बाएं पैर के तलवे के पास गोली लगी हुई थी और काफी मात्रा में रक्त स्राव हो रहा था जिसे प्राथमिक उपचार करा कर पूछताछ की गयी। महिला नक्सली ने जानकारी दी कि इनके साथ कर राइफल उनके सहयोगी नक्सली ले गए हैं। यह भी जानकारी दी कि कांडे होनहागा, सब जोनल कमांडर का दस्ता 20-25 की संख्या में पहाड़ के ऊपर है। पहाड़ के आसपास सर्च अभियान चलाया गया जिसमें नक्सलियों का एक कैंप पाया गया जिसमें भारी मात्रा में गोली, नक्सली साहित्य, पिट्ठू, खाद्य पदार्थ बरामद हुए। खाद्य पदार्थ को पहाड़ पर ही नष्ट कर दिया गया।
घायल महिला नक्सली को सीआरपीएफ जवान द्वारा रक्तदान
घायल महिला नक्सली को जंगल से निकालकर सोनुवा प्राथमिकी उपचार केंद्र में इलाज कराते हुए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर सीआरपीएफ के जवान के द्वारा महिला को रक्तदान किया गया और उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर भेजा गया।

