
जमशेदपुऱ।राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 150वीं जयंती पर उनके सम्मान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमशेदपुर में निकाली गयी ‘गाँधी संकल्प यात्रा’ पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण के बाद शनिवार को पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में पहुँचीं। इस दौरान स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की अगुआई में पार्टी के वरीय नेताओं एवं सैकड़ों स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा कर लोगों के मध्य गांधीवादी विचारधाराओं का प्रचार किया। संकल्प यात्रा के दौरान गाँधी वेषधारी युवक आकर्षण का केंद्र रहे। पूरी यात्रा के दौरान बापू की तरह लकुटी लपेटे हाथों में लाठी और गाँधी चश्मा लगाए प्रतीकात्मक गाँधीजी आगे आगे चलते रहें। दो सत्रों में पदयात्रा चलाई गयी जो बिरसानगर स्थित सन्डे मार्केट में अमर क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रारंभ हुई। यात्रा बिरसानगर बाज़ार से शुरू होती हुई आंध्रा समिति, सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, लक्ष्मी नर्सिंग होम, दास पाड़ा बस्ती होती हुई गैस गोडाउन के बाद ज़ोन नंबर दो स्थित गुड़िया मैदान पहुँचकर संपन्न हुई। वहीं दूसरे सत्र की संकल्प यात्रा दोपहर क़रीब साढ़े तीन बजे से जेम्को से शुरू हुई। जेम्को चौक स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत गाँधी यात्रा आगे बढ़ी। यहाँ से झगड़ू बगान, लक्ष्मीनगर, प्रेमनगर होते हुए हिंद आश्रम स्थित महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद यात्रा संपन्न हुई। गाँधी संकल्प यात्रा की अगुआई कर रहे सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसा आंदोलन के 100 वर्ष बाद भी कुछ स्वार्थी नेताओं के कारण हिंसा ज़ारी है। राजनीतिक लाभ अर्जित करने के लिए जनजातियों के नाम पर प्रदेश को अशांत एवं अस्थिर करने की नाकाम कोशिशें समय समय पर की जाती है। उनका इशारा झारखंड नामधारी प्रमुख क्षेत्रीय दलों पर था। सांसद विद्युत वरण महतो ने राजनीतिक हिंसा के विरुद्ध सत्याग्रह का संकल्प लेने का आह्वाहन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने जनसंपर्क अभियान के तहत अपने संबोधन में लोगों को प्लास्टिक मुक्त राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने को कहा गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने के साथ युवाओं को नशा से मुक्ति कैसे मिले इसकी ओर ध्यान दिलाया। कहा कि भाजपा का लक्ष्य है स्वस्थ्य समाज और नये भारत का निर्माण। यात्रा को पूर्वी विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गांधी ने भारतीय संस्कृति को दुनिया में पहचान दिलाई। बापू के सपनों का भारत बनाने के लिए उन्होंने खादी के वस्त्रों एवं उत्पादों के प्रयोग पर भी बल दिया। कहा कि गरीबी, अशिक्षा के विरुद्ध सरकारें संवेदनशील है।
● गाँधी संकल्प यात्रा में ये रहें मौजूद : विद्युत वरण महतो,दिनेश कुमार, रामबाबू तिवारी, मिथिलेश सिंह यादव,संजीव सिंह,चंद्रशेखर मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, पवन अग्रवाल,भूपेंद्र सिंह,सत्यप्रकाश सिंह,गुंजन यादव,राकेश सिंह,पुष्पा तिर्की,सुनील बारी, काजू सांडिल्य,श्रीराम प्रसाद,पप्पू मिश्रा,ध्रुव मिश्रा,प्रोबिर चटर्जी राणा,दीपक झा,तेजेंदर सिंह जोनी,बोलटू सरकार,राजपति देवी,ममता भूमिज,सीमा दास,लक्ष्मी मिर्धा,जी प्रीति, संजीव कुमार,इंद्रजीत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थें।

