
झामुमो एवं काँग्रेस के दुष्प्रचार का जनता देगी जवाब: समीर उरांव
अंत्योदय के प्रण को पूर्ण करना ही भाजपा का लक्ष्य: जेबी तुबिद


जमशेदपुर: भाजपा का पोटका विधानसभा स्तरीय लाभार्थी सम्मलेन बुधवार को जुड़ी स्टेडियम के समीप मैदान में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सह प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव व प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने स्वागत संबोधन में राज्य सरकार के उल्लेखनीय कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि वर्षों बाद किसी सरकार ने गरीबों के हितों व उनके विकास की चिंता की है तो वो भाजपा सरकार ने की है। बीते वर्षों में केंद्र सरकार व राज्य सरकार के समन्वय से संचालित योजनाओं में गरीब जनता केंद्रबिंदु रहे हैं। जनता की जीवन में बदलाव व क्षेत्र का विकास ही भाजपा की पहली प्राथमिकता है ।
सम्मेलन में उपस्थित राज्यसभा सांसद सह प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव ने झारखंड नामधारी दलों व काँग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल भय और भ्रम की राजनीति करने वाले माहिर लोग हैं। झामुमो व कांग्रेस के लोग दुष्प्रचार करते हैं कि भाजपा सरकार आदिवासियों की जमीन छीन लेगी। ऐसे दलों को बताना चाहिए कि पांच साल तक भाजपा सरकार ने किनकी जमीन छीनी है। लोगों को भ्रमित करने वाले विपक्षी दल से विस चुनाव में जनता पूरा हिसाब लेगी। श्री उरांव ने कहा कि कांग्रेस व झामुमो ने कभी भी गरीबों के उत्थान के लिये कार्य नहीं किया। सिर्फ अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता कर मतपेटियां भरने का कार्य किया है।
वहीं, प्रवक्ता जेबी तुबिद ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के लिए वचनबद्ध व कृत संकल्पित है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना ही पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला, शौचालय, आयुष्मान भारत, सौभाग्य योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना, सुकन्या योजना, राशन कार्ड व पेंशन जैसी अन्य योजनाओं को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाई गई है। आज राज्य का गरीब सुरक्षित व खुशहाल महसूस कर रहा है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने संबोधित करते हुए कहा कि गांव, गरीब और किसान के कल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना ही राज्य सरकार का लक्ष्य रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में सरकार के सफल प्रयासों से झारखंड की तस्वीर बदली है। किसानों के लिए आशीर्वाद योजना हो या राज्य में सड़क, बिजली, पानी, पुल-पुलिया, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के उल्लेखनीय कार्य हो।
सम्मेलन को विधायक मेनका सरदार ने भी संबोधित किया, कहा कि विपक्षी दलों को प्रदेश में हो रहे बदलाव और जनता की खुशहाली देखी नही जा रही। विपक्षियों द्वारा पिछले 5 वर्षो में सरकार पर भ्रष्टाचार का एक आरोप ना लगा पाना साबित करता है कि भाजपा सुशासन और तीव्र विकास के प्रति संकल्पित है। योजनाओं की चर्चा करते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में झारखंड ने अपना स्थान बनाया है। आज पूरे देश में एकमात्र झारखंड प्रदेश में महिलाओं के नाम हो रहे 1 रुपये में जमीन निबंधन हो या बच्चियों के लिए सुकन्या, लाडली लक्ष्मी एवं अन्य योजना। इन सभी योजनाओं में महिलाओं को बल मिला है।
सम्मलेन में राज्यसभा सांसद समीर उरांव, सांसद विद्युतवरण महतो,विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता जे बी तुबिद, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, हलधर नारायण साह, चन्द्रशेखर गुप्ता, दिनेश साव, अमरजीत सिंह राजा, हिमांशु मिश्रा, उत्तम भगत, मनोज राम, बसंत मदीना, दिलीप पांडा, संजय सिंह, विभीषण सिंह सरदार, संजीव भगत, हलधर दास, अनमोल वर्मा, राकेश सिंह, पिंटू सारंगी, संतोष भंज, सीता सिंह, नीनू कुदादा समेत हजारों की संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।

