
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद Bidyut Baran Mahato के ससुर एवं Tata Steel के सेवानिवृत्त कर्मी उमेश चन्द्र महतो का आज सुबह लगभग 5 बजे निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे और पिछले दो सप्ताह से Tata Main Hospital (TMH) में उपचाराधीन थे।
गांव में शोक की लहर
निधन के पश्चात उनका पार्थिव शरीर आदित्यपुर स्थित उनके पैतृक आवास कृष्णापुर लाया गया। निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान पर पहुंचे।
रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार
स्वर्गीय उमेश चन्द्र महतो की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकलकर कृष्णापुर स्थित महेश्वर गंगामनी श्मशान घाट पहुँची, जहां पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र विनय महतो ने उन्हें मुखाग्नि दी।
भरा-पूरा परिवार छोड़ गए
वे अपने पीछे पत्नी उलासी महतो, पुत्र विनय महतो एवं बादल चंद्र महतो तथा पुत्रियां—शोभा रानी महतो, आशा रानी महतो, आभा रानी महतो, ऊषा रानी महतो (सांसद बिद्युत बरण महतो की धर्मपत्नी), शीला रानी महतो एवं लीला रानी महतो—को छोड़ गए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के दौरान राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शोक व्यक्त करने वालों में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, एशिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।क्षेत्र के लोगों ने स्वर्गीय उमेश चन्द्र महतो को सरल, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



