आदित्यपुर: छठ महापर्व से पहले आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-28 स्थित रोड नंबर-7 के छठ घाट जाने वाले रास्ते पर कचरे की डंपिंग को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है। मुख्य रास्ते पर कचरे का ढेर जमा होने से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी हो रही है। मामले को लेकर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम प्रशासन को दो दिनों में सफाई कराने का अल्टीमेटम दिया।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन ने छठ घाट तक जाने वाले मुख्य रास्ते पर ही कचरा जमा कर दिया है। इस मार्ग से हर साल बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु नदी घाट तक पहुंचते हैं। कचरे के कारण रास्ता बाधित होने के साथ आसपास दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या भी पैदा हो रही है।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: आदित्यपुर की मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, अंबा स्वीट्स में 10 किलो खराब मिठाई नष्ट
छठ महापर्व से पहले सफाई व्यवस्था पर सवाल
भाजपा नेताओं ने कहा कि छठ आस्था, स्वच्छता और पवित्रता का महापर्व है। ऐसे अवसर पर घाट तक जाने वाले रास्ते पर कचरे का ढेर होना नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्रद्धालुओं को इस तरह की अव्यवस्था के बीच छोड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दो दिनों में कचरा हटाने की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन से दो दिनों के भीतर छठ घाट जाने वाले रास्ते से पूरा कचरा हटाने, मार्ग को आवागमन योग्य बनाने और पूरे इलाके में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। साथ ही कचरे से फैल रही दुर्गंध से निजात दिलाने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: महाबीर पाठशाला में दीपावली महोत्सव की धूम, नन्हे बच्चों ने राम-सीता बनकर दी आकर्षक प्रस्तुति
भाजपा प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला मंत्री सतीश शर्मा, ललन शुक्ला, प्रदेश युवा मोर्चा कार्यसमिति सदस्य विनय कृष्ण राजू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विनय कंचन, मिंटू पांडे, रमेश शर्मा, आनंद मिश्रा, दिनेश शाह, मंत्री सुनील तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, मृत्युंजय मिश्रा, पिंकू झा, बिट्टू परिया और सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

