आदित्यपुर,। दीपावली और आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आदित्यपुर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अंबा स्वीट्स में करीब 10 किलोग्राम बासी और खराब मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
अंबा स्वीट्स में मिली बासी मिठाइयां, रसगुल्ले में हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला
निरीक्षण के दौरान अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलो बासी एवं खराब मिठाइयां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन्हें तत्काल नष्ट कराया और प्रतिष्ठान संचालक को सख्त चेतावनी दी। साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान रसगुल्लों को अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो (Hydro) के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को इस पदार्थ का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS: आग़ाज़ संस्था ने 50 से अधिक बच्चों के बीच बांटे दीपावली उपहार, कुणाल षाड़ंगी ने बढ़ाया उत्साह
आदर्श और गोपाला स्वीट्स में अखबार से ढकी मिली खाद्य सामग्री
जांच अभियान के दौरान आदर्श स्वीट्स और गोपाला स्वीट्स में मिठाइयों को ढकने एवं रखने के लिए अखबार का इस्तेमाल पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों दुकानदारों को तत्काल अखबार का उपयोग बंद करने और खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं स्वच्छ भंडारण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
खाद्य रंगों की भी हुई जांच
अधिकारियों ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की भी जांच की। विभाग के अनुसार, जांच में उपयोग किए जा रहे रंग अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, सभी दुकानदारों को निर्धारित मानकों और अनुमत मात्रा के अनुसार ही रंगों का इस्तेमाल करने तथा औद्योगिक रंगों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, निर्माण एवं भंडारण क्षेत्र की स्वच्छता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की भी जांच की गई। जहां कमियां मिलीं, वहां आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया।
RED MORE :ADITYAPUR NEWS: एस टाइप मैदान में धूमधाम से होगी काली पूजा, 9 और 10 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
त्योहारों तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिठाई दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान बासी, खराब, मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन के निर्देश पर जिलेभर में मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

