आदित्यपुर: चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिहार और झारखंड में संस्थान की विभिन्न इकाइयों को कुल 138 पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों की मंजूरी मिली है। वहीं, आदित्यपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा हो चुका है। यह जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में संस्थान के प्रबंधन ने दी।
प्रबंधन के अनुसार, आदित्यपुर मेडिकल कॉलेज को प्रथम वर्ष में ही पीजी की पांच शाखाओं में चार-चार सीटों की स्वीकृति मिली है। इस तरह यहां कुल 20 पीजी सीटें उपलब्ध हो गई हैं।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर कचरे का अंबार, भाजपा ने निगम को दिया दो दिन का अल्टीमेटम
पटना-बिहटा संस्थान में पीजी सीटें बढ़कर 118 हुईं
संस्थान की पटना-बिहटा स्थित इकाई में भी पीजी सीटों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। यहां पहले 74 पीजी सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 118 कर दिया गया है। आदित्यपुर की 20 और पटना-बिहटा की 118 सीटों को मिलाकर संस्थान की कुल पीजी सीटों की संख्या अब 138 हो गई है।
रांची में 2028 से मेडिकल कॉलेज और कैंसर रिसर्च सेंटर शुरू करने की तैयारी
प्रेसवार्ता में प्रबंधन ने रांची के रामपुर में एनएच-33 पर मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एवं कैंसर रिसर्च सेंटर स्थापित करने की योजना की भी जानकारी दी। इस परियोजना पर सीतबांतो देवी महिला कल्याण ट्रस्ट के माध्यम से काम किया जा रहा है। संस्थान ने वर्ष 2028 से इसकी शुरुआत करने का लक्ष्य रखा है।
प्रबंधन का कहना है कि इस परियोजना के शुरू होने से झारखंड के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: आदित्यपुर की मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, अंबा स्वीट्स में 10 किलो खराब मिठाई नष्ट
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में संस्थान के चेयरमैन एमएम सिंह, प्राचार्य डॉ. केएन सिंह, डॉ. एएस कांत साहू, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अभिषेक जायसवाल और डॉ. जयदेव सहित अन्य चिकित्सक एवं प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

