
आदित्यपुर: दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में प्रशासनिक तैयारियों का असर अब सड़कों पर दिखने लगा है। जिला शांति समिति की 17 सितंबर 2026 को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आदित्यपुर-कांड्रा सड़क पर महीनों से जमा गंदगी हटाई जा रही है, वहीं आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी भी कई स्थानों पर सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर काम किए जाने की जरूरत है।
जिला शांति समिति के सदस्य और अधिवक्ता ओम प्रकाश ने दुर्गा पूजा से पहले नगर निगम की तैयारियों में तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर में कई पूजा पंडालों का उद्घाटन 11 अक्टूबर को होना है। ऐसे में नगर निगम को सफाई, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: दुर्गा पूजा से पहले पुरेंद्र नारायण सिंह ने उपायुक्त को सौंपा 11 सूत्री मांग पत्र, ट्रैफिक-पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
खरकई पुल से आदित्यपुर-2 जाने वाले वैकल्पिक मार्ग को ठीक कराने की मांग
ओम प्रकाश ने खरकई पुल के बाईं ओर से राममरैया बस्ती, रोड नंबर 32 और छठ घाट होते हुए आदित्यपुर-2 जाने वाले रास्ते को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उनका कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान मुख्य सड़क पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यह रास्ता आदित्यपुर-2 जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोगी हो सकता है। इसलिए समय रहते सड़क की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था पूरी करना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
आदित्यपुर में 54 पूजा पंडाल, तैयारियों में जुटे आयोजक
ओम प्रकाश के अनुसार, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में दो थाना क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 54 दुर्गा पूजा पंडाल हैं।
आदित्यपुर थाना क्षेत्र: 22 लाइसेंसी और 9 गैर-लाइसेंसी पंडाल।
आरआईटी थाना क्षेत्र: 14 लाइसेंसी और 9 गैर-लाइसेंसी पंडाल।
उन्होंने बताया कि सभी पूजा पंडालों में आयोजन की तैयारियां धूमधाम और श्रद्धाभक्ति के साथ की जा रही हैं। ऐसे में पूजा समितियों के साथ-साथ नगर निगम और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं, मंईयां सम्मान योजना के भुगतान से लेकर दुर्गा पूजा की व्यवस्था तक पर दिए निर्देश
जिले में 214 स्थानों पर दुर्गा पूजा की तैयारी
जिला शांति समिति के सदस्य के मुताबिक, पूरे सरायकेला-खरसावां जिले में कुल 214 स्थानों पर दुर्गा पूजा आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इनमें 108 लाइसेंसी और 106 गैर-लाइसेंसी पूजा पंडाल शामिल हैं।
ओम प्रकाश ने कहा कि दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, नगर निगम, पूजा समितियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने नगर निगम से शेष सफाई कार्यों को जल्द पूरा करने, प्रमुख मार्गों को दुरुस्त करने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।

