
आदित्यपुर। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर के रायडीह क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 31-32 स्थित भगवती संघ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति और रायडीह बस्ती स्थित शिव-काली मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां दुर्गा की आराधना की।
खरकाई नदी से जल लेकर पहुंचे श्रद्धालु, पंडाल में हुई कलश स्थापना
भगवती संघ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रोड नंबर 31-32, रायडीह की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली।
भक्तगण खरकाई नदी पहुंचे, जहां से विधि-विधान के साथ कलश में पवित्र जल भरकर पूजा पंडाल लाया गया। इसके बाद पंडित अभिजीत चटर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश की स्थापना कराई।
इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान कृष्णकांत झा उर्फ गुड्डू झा के अलावा अशोक कुमार, दिवाकर उर्फ गन्नू, आनंद प्रकाश श्रेयांस, सुनील शाही, सुशील कुमार सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए।
शिव-काली मंदिर में भी विधि-विधान से स्थापित हुआ कलश
दूसरी ओर, रायडीह बस्ती स्थित शिव-काली मंदिर में भी हर वर्ष की तरह दुर्गा पूजा के लिए कलश स्थापना की गई। पंडित सौमित्र चटर्जी उर्फ बॉब ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
इस अवसर पर अधिवक्ता ओम प्रकाश, अधिवक्ता राजेश बिहारी सहाय, पर्यावरणविद अभियंता अमरेश कुमार, गणेश सिंह, धनंजय सिंह, जगन्नाथ मंडल सहित दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कलश स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
50 वर्षों से आस्था का केंद्र बना हुआ है रायडीह का शिव-काली मंदिर
रायडीह बस्ती स्थित शिव-काली मंदिर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 50 वर्ष पहले पंडित गौर चंद्र चटर्जी और बबन सिंह ने मिलकर यहां दुर्गा पूजा की शुरुआत की थी।
समय के साथ यह पूजा स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गई। आज भी आदित्यपुर, गम्हरिया और जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु यहां दुर्गा पूजा में शामिल होने पहुंचते हैं।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: 26 साल बाद उसी मंच पर पहुंचीं श्रेयशी सिंह, जहां पिता दिग्विजय सिंह ने किया था दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन, बोलीं- बेटियों को आगे बढ़ने दें
दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
भगवती संघ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रोड नंबर 31-32 के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। दोनों स्थानों पर परंपरागत धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलश स्थापना की गई।
कलश स्थापना के साथ ही रायडीह क्षेत्र में दुर्गा पूजा के धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई है।


